नोएडा फैक्ट्री में आग का कोहराम! 30 झुलसे, 250 मजदूर लपटों के बीच से निकाले गए, धुआं भरने से बेहोश हुए कई

गुरुवार की सुबह-सुबह सेक्टर-4 की विद्युत मीटर बनाने वाली फैक्टरी में अचानक भीषण आग भड़क उठी. पूरे कारखाने में धुआं और लपटें फैल गईं. इस हादसे में फंसे लगभग 250 मजदूरों को बहादुर दमकलकर्मियों ने जोखिम उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला. आग से झुलसे 30 से ज्यादा लोगों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नोएडा में एक बड़ी त्रासदी टल गई जब सेक्टर-4 स्थित विद्युत मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई. आग की लपटों और घने धुएं में फंसे करीब 250 मजदूरों की जान बाल-बाल बची, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस हादसे में 30 से अधिक लोग मामूली झुलसने, धुएं से बेहोश होने और भगदड़ में चोटिल होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं.

फैक्ट्री में 24 घंटे चलने वाले उत्पादन के कारण उस समय बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे. दमकल की 30 से अधिक गाड़ियों और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने जोखिम भरे माहौल में बचाव अभियान चलाया और आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण तीसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.

आग लगने की सूचना और तुरंत पहुंची दमकल

अपर पुलिस आयुक्त सुरक्षा और कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली. मौके पर दमकल विभाग के कर्मियों के अलावा कई थानों के पुलिस बल को भी भेजा गया. मौके पर पहुंचने पर पता लगा कि फैक्ट्री में बिजली मीटर बनाने का कार्य 24 घंटे चलता है. फैक्ट्री में 250 से अधिक कर्मचारी फंसे हुए थे. जिनका टीम ने सीढ़ी और हाइड्रॉलिक लिफ्ट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला.

भगदड़ और धुएं से घायल हुए मजदूर

आग लगने के बाद फैक्ट्री में मची भगदड़ से कुछ कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गए. जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया. वहीं धुएं से बेहोश हुए कर्मचारियों को भी अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना के बाद फैक्ट्री और उसके आसपास भारी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई. पुलिसकर्मियों ने लोगों को वहां से हटाया, ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो.

परिजनों में राहत, जांच जारी

सूचना मिलने पर कर्मियों के परिजन भी फैक्ट्री और अस्पताल पहुंच गए. अपने परिजन को सुरक्षित देख राहत की सांस ली. शुरुआती जांच में पता चला है कि फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के चलते लगी थी. दमकल विभाग के अधिकारी फैक्ट्री की फायर एनओसी के संबंध में जांच कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag