'100 करोड़ सनातनियों की जीत...', मुस्तफिजुर रहमान मुद्दे पर BCCI के फैसले का संगीत सोम ने किया स्वागत
आईपीएल में KKR द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने पर विवाद बढ़ने के बाद BCCI ने उन्हें टीम से हटा दिया. वहीं, राजनीतिक और धार्मिक नेताओं ने शाहरुख खान पर देशद्रोही आरोप लगाए और उनका बहिष्कार करने की अपील की.

आईपीएल में शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को खरीदे जाने का मामला अब सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रह गया है. इस फैसले ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है. जहां कुछ लोग इसे पेशेवर और खेल संबंधित निर्णय बता रहे हैं, वहीं कुछ राजनीतिक और धार्मिक नेताओं ने इसे राष्ट्रीय भावनाओं के विरोध में बताया है.
बीसीसीआई ने उठाया बड़ा कदम
इस मामले के बढ़ने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा कदम उठाया और मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाने के निर्देश दिए. इसके तुरंत बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं एक बार फिर तेज हो गईं. बीजेपी नेता संगीत सोम ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह "देश के 100 करोड़ सनातनियों की भावनाओं" का सम्मान है. उन्होंने इसे हिंदू समाज की जीत बताया और शाहरुख खान को चेतावनी दी कि भारत में रहकर सनातनियों से टकराव उचित नहीं है.
सोम ने यह भी कहा कि शाहरुख को यह समझ आ गया होगा कि उनके लिए इस देश का सम्मान और भावनाएं महत्वपूर्ण हैं. वहीं, कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने इस विवाद पर संतुलित प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जहां भी अल्पसंख्यकों पर हमला होता है, उसकी निंदा की जानी चाहिए, लेकिन इस मामले पर उन्होंने कोई विस्तृत टिप्पणी करने से इंकार किया.
हिंदू धर्म गुरु ने भी किया विरोध
वहीं, शाहरुख खान पर आलोचनाओं की लिस्ट लंबी होती जा रही है. कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि शाहरुख ने भारत के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि बांग्लादेशी खिलाड़ी खरीदकर देश की भावनाओं के खिलाफ कदम उठाया. ठाकुर ने याद दिलाया कि शाहरुख का करियर भारत की जनता ने बनाया और उन्हें देश के लिए सोचने की जरूरत है.
नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा विधायक, ने शाहरुख खान के खिलाफ और कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने मंच से कहा कि शाहरुख की फिल्में न देखी जाएं और उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाए. विधायक ने शाहरुख पर देशविरोधी मानसिकता का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें यदि शर्म आती है तो बांग्लादेश जाकर अपनी मौसी के पास चले जाना चाहिए.
स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने भी शाहरुख पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि शाहरुख खान का कोई चरित्र नहीं है और उनकी हरकतें देशद्रोही जैसी रही हैं। इस बयान ने आलोचकों को और बल दिया और सोशल मीडिया पर शाहरुख खान की निंदा तेज हो गई.


