हरिद्वार में पातलू कुत्ते को गंगा स्नान करा रही थी महिला, विरोध दर्ज कराने पर मचा बवाल, देखें वीडियो
महिला अपने परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आई थी. इस दौरान वह अपने पालतू कुत्ते को अपने संग पवित्र गंगा घाट ले गई और उससे मां गंगा में स्नान कराने लगी. जिसके बाद लोग भड़क उठे.

उत्तराखंड: आस्था और भक्ति के नगर हरिद्वार से एक विवादित वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें, विवाद तब शुरू हुआ जब हरिद्वार के प्रसिद्ध सर्वानंद घाट पर घटी एक महिला ने अपने पालतू कुत्ते को गंगा में स्नान करवाती हुई नजर आई. स्थानीय लोग और श्रद्धालु ने जब उस महिला को ऐसी गतिविधि करते हुए देखा तो माहौल गरमाया गया और लोग भड़क उठे.
स्थानीय निवासियों पर भड़की महिला
सामने आई जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आई थी. इस दौरान वह अपने पालतू कुत्ते को अपने संग पवित्र गंगा घाट ले गई और उससे मां गंगा में स्नान कराने लगी. इस बीच जब घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने इस गतिविधि को गंगा की पवित्रता का उल्लंघन बताते हुए इसका विरोध किया, तो महिला भड़क उठी. इसके बाद महिला और स्थानीय निवासियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो काफी देर तक चली.
बहस को बढ़ते देख और श्रद्धालुओं के गुस्से को भांपते हुए महिला के परिवार वालों ने इस मामले में हस्तक्षेप किया. उनके समझाने-बुझाने के बाद महिला तुरंत कुत्ते के साथ घाट से चली गई. हालांकि इस घटना की सही तारीख की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग महिला की इस हरकत पर जमकर नाराजगी जता रहे हैं.
पुरोहितों ने जताया सख्त एतराज
वीडियो के सामने आते ही तीर्थयात्री पुरोहितों ने भी इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है. तीर्थयात्री पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा कि गंगा मात्र एक नदी नहीं, बल्कि लाखों लोगों के लिए आस्था का प्रतीक है. घाटों पर इस तरह की हरकतें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं. उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गंगा की गरिमा बनाए रखने के लिए घाटों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की.
इसके साथ ही सोशल मीडिया यूजर्स प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि पवित्र स्थलों पर पालतू जानवरों को नहलाने या कूड़ा फेंकने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.


