16 या 17 मई किस दिन करें वट सावित्री व्रत की पूजा, जानिए शुभ मुहूर्त

वट सावित्री व्रत पति की लंबी उम्र, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली के लिए रखा जाता है. वहीं इस साल क्या है व्रत की सही तारीख और पूजा का मुहूर्त चलिए जानते है.

JBT Desk
Edited By: JBT Desk

नई दिल्ली: हिंदू धर्म में वट सावित्री व्रत को सुहागिन महिलाओं के सबसे महत्वपूर्ण व्रतों में गिना जाता है. बता दें, यह व्रत पति की लंबी उम्र, सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली के लिए रखा जाता है. हर साल ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि पर मनाया जाने वाला यह पर्व इस बार भी महिलाओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि कई लोग इसकी सही तारीख को लेकर असमंजस में हैं. इसी बीच चलिए जानते है वट सावित्री व्रत की सही तारीख से पूजा का शुभ मुहूर्त. 

किस तारीख ही रखें व्रत 

पंचांग के अनुसार, ज्येष्ठ अमावस्या तिथि 16 मई 2026 की सुबह 5 बजकर 11 मिनट से शुरू होगी और 17 मई की रात 1 बजकर 30 मिनट तक रहेगी. उदया तिथि के आधार पर वट सावित्री व्रत 16 मई 2026, शनिवार को रखा जाएगा. इसी दिन महिलाएं बरगद के पेड़ की पूजा कर पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी.

व्रत का महत्व 

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वट सावित्री व्रत की कथा माता सावित्री और सत्यवान से जुड़ी हुई है. कहा जाता है कि सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प और प्रेम के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस ले लिए थे. तभी से यह व्रत अखंड सौभाग्य और दांपत्य सुख का प्रतीक माना जाता है.

शुभ मुहूर्त 

इस बार पूजा के लिए कई शुभ मुहूर्त भी बन रहे हैं. ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:07 बजे से 4:48 बजे तक रहेगा. वहीं विजय मुहूर्त दोपहर 2:04 बजे से 3:28 बजे तक और गोधूलि मुहूर्त शाम 7:04 बजे से 7:25 बजे तक रहेगा. इन शुभ समयों में बरगद के पेड़ की पूजा और परिक्रमा करना अत्यंत शुभ माना गया है.

पूजा सामग्री और विधि 

वट वृक्ष को हिंदू धर्म में बेहद पवित्र माना जाता है. मान्यता है कि इस पेड़ में ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों देवताओं का वास होता है. महिलाएं इस दिन वट वृक्ष पर कच्चा सूत बांधकर उसकी परिक्रमा करती हैं और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करती हैं. इसके साथ ही व्रत के दिन महिलाएं स्नान के बाद नए या साफ वस्त्र पहनकर पूजा करती हैं. पूजा में धूप, दीप, रोली, अक्षत, फल, भीगे चने और सूत का विशेष महत्व होता है. कई घरों में इस अवसर पर पारंपरिक पकवान भी बनाए जाते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag