सिर्फ 29 पारियों में 100 छक्के... वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में बनाया छक्कों का 'महारिकॉर्ड'
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ छोटी लेकिन विस्फोटक पारी खेलते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. उनकी बल्लेबाजी ने IPL 2026 में उन्हें सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है.

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने धमाकेदार प्रदर्शन से क्रिकेट फैंस को चौंका रहे हैं. कम उम्र में जिस तरह से वैभव बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने उन्हें इस सीजन का सबसे चर्चित खिलाड़ी बना दिया है. शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. भले ही राजस्थान को मैच में हार मिली, लेकिन वैभव की पारी ने फिर साबित कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है.
गुजरात टाइटन्स के खिलाफ रनचेज के दौरान वैभव सूर्यवंशी शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए. उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों पर 36 रन ठोक दिए. इस छोटी लेकिन तेज पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन शानदार छक्के लगाए. वैभव ने मैदान के हर हिस्से में शॉट खेले और गुजरात के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. खास बात यह रही कि उन्होंने भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की पहली ही गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर जोरदार छक्का जड़ दिया. इस शॉट ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को उत्साहित कर दिया. हालांकि सिराज ने बाद में उन्हें आउट कर दिया, लेकिन तब तक वैभव रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा चुके थे.
सबसे तेज 100 टी20 छक्कों का रिकॉर्ड
इस मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए. खास बात यह रही कि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 29 पारियों में हासिल की, जो अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड माना जा रहा है. इतना ही नहीं, वैभव ने सिर्फ गेंदों के हिसाब से भी नया इतिहास बना दिया. उन्होंने केवल 514 गेंदों में 100 टी20 छक्के पूरे किए. इससे पहले कोई भी बल्लेबाज इतनी कम गेंदों में इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया था. कम उम्र में इस तरह के रिकॉर्ड बनाना यह दिखाता है कि वैभव सिर्फ एक सीजन के स्टार नहीं, बल्कि लंबे समय तक क्रिकेट पर राज करने की क्षमता रखते हैं.
पावरप्ले में भी बनाया नया रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस सीजन में उन्होंने शुरुआती छह ओवरों के अंदर कुल 30 छक्के लगाए हैं. उन्होंने इस मामले में सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया. अभिषेक ने साल 2024 में पावरप्ले में 29 छक्के लगाए थे.
IPL सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के
30 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
29 – अभिषेक शर्मा (2024)
27 – अभिषेक शर्मा (2026)
22 – सनथ जयसूर्या (2008)
22 – ट्रेविस हेड (2024)
22 – यशस्वी जायसवाल (2025)
भारतीय बल्लेबाजों की सूची में भी पहुंचे ऊपर
वैभव इस सीजन में अब तक कुल 40 छक्के लगा चुके हैं. इसके साथ ही वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.
IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय
42 – अभिषेक शर्मा (2024)
40 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
39 – श्रेयस अय्यर (2025)
38 – विराट कोहली (2016)
38 – विराट कोहली (2024)
38 – सूर्यकुमार यादव (2025)
37 – ऋषभ पंत (2018)
इस सीजन में शानदार रहा प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव सूर्यवंशी इस सीजन सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे हैं. उन्होंने अब तक 11 पारियों में 40 की औसत और 236.55 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से इस सीजन एक शतक और दो अर्धशतक भी निकल चुके हैं. जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी वैभव कर रहे हैं, उसने उन्हें फैंस का पसंदीदा खिलाड़ी बना दिया है.
गुजरात टाइटन्स ने दर्ज की बड़ी जीत
अगर मैच की बात करें तो गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 229 रन बनाए. कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने 55 रन बनाए. 230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. वैभव सूर्यवंशी ने जरूर तेज शुरुआत दी, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके. पूरी टीम 152 रन पर सिमट गई और गुजरात ने मुकाबला 77 रनों से जीत लिया.


