भारत के खिलाफ कोई साजिश या फिर ICC का डर! मोहसिन नकवी से मुलाकात के लिए पाकिस्तान क्यों पहुंचे BCB अध्यक्ष?

15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 मैच होना है, लेकिन पाकिस्तान मैच खेलने से मना कर रहा है. ऐसे में ICC ने आपात बैठक बुलाई है, हालांकि बैठक से पहले BCB अध्यक्ष पाकिस्तान पहुंच गए हैं.

Sonee Srivastav

T20 World Cup 2026: 7 फरवरी से शुरू हुए टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद चरम पर पहुंच गया है. पाकिस्तान ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया था.

यह कदम बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाए जाने के विरोध में उठाया गया. PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सरकार के निर्देश पर यह रुख अपनाया, लेकिन ICC की सख्ती और वित्तीय नुकसान की आशंका से अब स्थिति बदल रही है.

BCB अध्यक्ष की अचानक लाहौर यात्रा

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल रविवार सुबह लाहौर पहुंच गए. सूत्रों के मुताबिक, वे PCB प्रमुख मोहसिन नकवी से मुलाकात करेंगे. यह यात्रा आईसीसी की आपात बैठक से ठीक पहले हुई है.

बांग्लादेश क्षेत्रीय क्रिकेट में संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है और पाकिस्तान के रुख पर चर्चा कर समाधान निकालने की उम्मीद है. तो वहीं बुलबुल आईसीसी बैठक में भी हिस्सा लेंगे.

ICC की आपात बैठक

ICC ने इस विवाद को सुलझाने के लिए रविवार रात वर्चुअल आपात बैठक बुलाई है. इसमें आईसीसी CEO संजोग गुप्ता, मोहसिन नकवी और अमीनुल इस्लाम बुलबुल शामिल होने वाले हैं. बैठक का मुख्य मकसद पाकिस्तान को भारत मैच खेलने के लिए मनाना है.

इंडिया-पाकिस्तान मुकाबला टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण है. इसका बहिष्कार होने पर प्रसारण अधिकार, स्पॉन्सरशिप और राजस्व पर भारी असर पड़ सकता है. जबकि आईसीसी को करोड़ों का नुकसान हो सकता है.

पकिस्तान पर ICC का दबाव

पाकिस्तान ने फोर्स मेज्योर क्लॉज का हवाला देकर बहिष्कार जताया था, लेकिन ICC ने स्पष्ट किया कि इससे टीम को पॉइंट्स गंवाने पड़ेंगे और जुर्माना भी लग सकता है. PCB अब बैक-चैनल बातचीत कर रहा है. 

रिपोर्ट्स के अनुसार, ICC के दबाव और वित्तीय जोखिम से पाकिस्तान अपना फैसला बदल सकता है. बांग्लादेश की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनका मुद्दा ही इस विवाद की जड़ है. अब आगे देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने के लिए राजी होता है या नहीं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag