साथी क्रिकेटर की मौत से विराट कोहली को लगा झटका, बोले ‘निधन से हैरान और दुखी...’

कोहली ने लिखा, “अमनप्रीत गिल की मौत की खबर सुनकर हैरान और दुखी हूं। उसके परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्हें हौसला मिले। भगवान अमनप्रीत की आत्मा को शांति दे। ओम शांति।”

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पंजाब क्रिकेट से बुरी खबर आई है। पूर्व तेज गेंदबाज अमनप्रीत गिल का 36 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके जाने से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि अमनप्रीत पिछले कई महीनों से बीमारी से लड़ रहे थे। अमनप्रीत ने विराट कोहली के साथ अंडर-19 लेवल पर क्रिकेट खेला था। साथी खिलाड़ी के निधन की खबर ने कोहली को झकझोर दिया है।

हैरान और दुखी हूं- विराट कोहली 

आपको बताते चलें कि आईपीएल 2026 में RCB के लिए खेल रहे विराट कोहली ने गुरुवार (07 मई 2026) को 'एक्स' पर दुख जताया। कोहली ने लिखा, “अमनप्रीत गिल की मौत की खबर सुनकर हैरान और दुखी हूं। उसके परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्हें हौसला मिले। भगवान अमनप्रीत की आत्मा को शांति दे। ओम शांति।”

अमनप्रीत के निधन की खबर बुधवार को सामने आई थी। 16 सितंबर 1989 को जन्मे अमनप्रीत 2000 के दशक में इंडिया अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे।

विराट के साथ खेल चुके हैं अमनप्रीत 

जानकारी देते चलें कि जुलाई 2007 में अमनप्रीत अंडर-19 ट्राई सीरीज के लिए श्रीलंका दौरे पर गए थे। उस सीरीज में भारत के अलावा बांग्लादेश भी खेल रहा था। विराट कोहली और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए अमनप्रीत ने 5 मैचों में 9 विकेट लिए थे। कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की थी। अमनप्रीत ने सिर्फ 14 रन देकर 2 विकेट झटके थे। भारत अंडर-19 ने वो मैच 129 रनों के बड़े अंतर से जीता था।

कभी टीम इंडिया में डेब्यू नहीं कर पाए अमनप्रीत 

अमनप्रीत गिल 2009 और 2010 में पंजाब किंग्स, तब किंग्स इलेवन पंजाब, के स्क्वॉड में थे। लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिला। फर्स्ट क्लास करियर में उन्होंने 2006 से 2008 के बीच 6 मैच खेले और 11 विकेट अपने नाम किए।

बतौर सिलेक्टर भी दी सेवाएं   

क्रिकेट खेलने के बाद अमनप्रीत गिल ने सिलेक्शन में भी योगदान दिया। वे पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सदस्य रहे। 2019-20, 2020-21, 2022-23 और 2024-25 में उन्होंने यह जिम्मेदारी निभाई।

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन का बयान  

पीसीए ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए लिखा, “पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन पूर्व क्रिकेटर और सीनियर सिलेक्शन कमेटी के सदस्य अमनप्रीत सिंह गिल के निधन पर गहरा दुख जताता है। उन्होंने इंडिया अंडर-19, किंग्स इलेवन पंजाब और पंजाब के लिए पूरे जुनून से क्रिकेट खेला। दुखी परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिवार को हिम्मत दे।”  

पंजाब किंग्स ने भी जताया शोक 

गौरतलब है कि पंजाब किंग्स ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए शोक जताया। फ्रेंचाइजी ने लिखा, “अमनप्रीत सिंह गिल के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने गर्व के साथ पंजाब का प्रतिनिधित्व किया। वे पंजाब किंग्स परिवार का हिस्सा थे। परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदनाएं।” टीम ने अमनप्रीत की तस्वीर के साथ 'रेस्ट इन पीस' भी लिखा। अमनप्रीत के जाने से पंजाब क्रिकेट ने एक समर्पित खिलाड़ी और सिलेक्टर खो दिया है। साथ खेल चुके खिलाड़ी और फैंस उन्हें याद कर रहे हैं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag