CM बनने से पहले फंस गए विजय! 'पुली' फिल्म पर HC में FIR की मांग, टैक्स घोटाले का बड़ा खुलासा
मद्रास हाईकोर्ट में तमिल अभिनेता और TVK चीफ जोसेफ विजय के खिलाफ 2015 की फिल्म 'पुली' से जुड़ी आयकर अनियमितताओं को लेकर FIR दर्ज करने की मांग वाली याचिका दायर की गई है.

नई दिल्ली: तमिल अभिनेता और तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. मुख्यमंत्री पद की दौड़ में रहने वाले विजय पर 2015 की फिल्म 'पुली' से जुड़ी आयकर अनियमितताओं का मामला फिर से उठ गया है. मद्रास हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है, जिसमें उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है.
याचिका में क्या कहा गया?
याचिका में आरोप है कि फिल्म 'पुली' के निर्माण के दौरान विजय को नकद भुगतान किया गया था, जिस पर उचित टैक्स नहीं चुकाया गया. याचिका बुधवार को कोर्ट रजिस्ट्री में नंबर दी गई है और जल्द ही सुनवाई होने की उम्मीद है. यह याचिका पिछले महीने दायर की गई थी, लेकिन रजिस्ट्री ने पहले इसे नंबर देने से इनकार कर दिया था.
2015 का 'पुली' प्रकरण
याचिका के अनुसार, आयकर विभाग ने सितंबर 2015 में विजय से जुड़े ठिकानों पर छापा मारा था. छापे में कथित तौर पर कुछ दस्तावेज मिले, जिनसे पता चला कि फिल्म निर्माताओं पी.टी. सेल्वकुमार और शिबू ने विजय को 16 करोड़ रुपये चेक से दिए थे, इसके अलावा 4.93 करोड़ रुपये नकद भी दिए गए.
नकद राशि पर TDS नहीं काटा गया था. पूछताछ में विजय ने करीब 5 करोड़ रुपये नकद लेने की बात स्वीकार की और उस पर टैक्स चुकाने पर सहमति जताई. बाद में उन्होंने 15 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय स्वेच्छा से घोषित की और कुल 35.42 करोड़ रुपये की आय दिखाई.
FIR की मांग
याचिकाकर्ता ने आयकर विभाग की जांच के आधार पर विजय के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की है. याचिका में दावा किया गया है कि नकद लेन-देन से जुड़े अनियमितताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
विजय पर क्या असर?
यह याचिका विजय के लिए politically sensitive समय पर आई है. TVK चीफ विजय तमिलनाडु में सक्रिय राजनीति कर रहे हैं और भविष्य में बड़े पद की आकांक्षा रखते हैं. इस मामले से उनकी छवि पर असर पड़ सकता है.
अभी तक विजय या उनके पक्ष से इस याचिका पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. मामला फिलहाल मद्रास हाईकोर्ट में लंबित है और अगली सुनवाई का इंतजार है.


