‘सब कुछ खत्म होने वाला है…’ मनोज बाजपेयी की Governor ने मचाया तहलका, टीजर में दिखा देश के सबसे बड़े आर्थिक संकट का संकेत
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म द साइलेंट सेवियर गवर्नर का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया. 90 के दशक के भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकट और उससे जुड़ी सच्ची घटनाओं पर बनी यह फिल्म रोमांच, राजनीति और इमोशनल ड्रामे का जबरदस्त मिश्रण दिखाने वाली है.

द साइलेंट सेवियर गवर्नर का टीजर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है. अभिनेता मनोज बाजपेयी इस फिल्म में एक दमदार गवर्नर की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो देश को आर्थिक संकट से बचाने की लड़ाई लड़ता दिखाई देता है. टीजर ने अपनी गंभीर कहानी और मजबूत डायलॉग्स से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म 1990 के दशक में भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है. विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा थी और अब टीजर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है.
कब रिलीज हुआ था फर्स्ट लुक पोस्टर?
फिल्म द साइलेंट सेवियर गवर्नर का फर्स्ट लुक पोस्टर 23 अप्रैल को मनोज बाजपेयी के जन्मदिन पर जारी किया गया था. पोस्टर सामने आने के बाद से ही फैंस फिल्म की कहानी और मनोज बाजपेयी के किरदार को लेकर काफी उत्साहित थे. अब रिलीज हुआ टीजर फिल्म के गंभीर विषय और राजनीतिक-आर्थिक माहौल की झलक दिखाता है.
टीजर में क्या दिखा?
टीजर की शुरुआत मनोज बाजपेयी की झलक और एक डायलॉग से होती है. आवाज सुनाई देती है, देश कंगाल होने वाला हैं. इसके बाद कहा जाता है, सुना है काफी दूरदर्शी हैं आप? पिछले साल ही इन्होंने अनुमान लगा लिया था कि देश इकनॉमिक क्राइसिस की तरफ जा रहा है. इसके बाद मनोज बाजपेयी की एंट्री होती है और उनसे पूछा जाता है, प्रॉब्लम बताई थी तो कोई सलूशन भी तो सोचा होगा ना?
टीजर में अदा शर्मा भी नजर आती हैं, जो कहती हैं, गवर्नर ने रिजाइन कर दिया है. डेप्युटी को छोड़कर कोई सिफारिशी टट्टू ला रहे हैं गवर्नर की पोस्ट पर. जिसने कभी इकनॉमिक्स नहीं पढ़ी हो, वो अब देश की इकॉनमी सुधारेगा.
‘अगर मैं फेल हुआ तो इंडिया फेल हो जाएगा’
फिल्म में मनोज बाजपेयी ए रामनन नाम के आरबीआई गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं. टीजर में उनसे कहा जाता है कि उनका प्लान फेल हो चुका है. इस पर वह जवाब देते हैं, अगर मैं फेल हुआ तो RBI फेल हो जाएगा और अगर RBI फेल हुआ तो इंडिया फेल हो जाएगा. मैं इंडिया को फेल नहीं होने दूंगा. यह डायलॉग टीजर का सबसे दमदार हिस्सा माना जा रहा है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है.
सच्ची घटनाओं पर आधारित है फिल्म
द साइलेंट सेवियर गवर्नर का निर्देशन मराठी सिनेमा के चर्चित निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने किया है. इससे पहले वह साल 2025 की फिल्म ‘इंस्पेक्टर झेंडे’ का निर्देशन कर चुके हैं, जिसमें मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में थे. फिल्म की कहानी भारत के 1990 के दशक के आर्थिक संकट पर आधारित है और इसमें एक ऐसे आरबीआई गवर्नर की कहानी दिखाई गई है, जो देश को आर्थिक तबाही से बचाने की कोशिश करता है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्जी, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने लिखी है. जावेद अख्तर के गीत और अमित त्रिवेदी के संगीत से सजी यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.


