ऑपरेशन सिंदूर के 1 साल पूरे, PM मोदी समेत कई मंत्रियों ने बदली प्रोफाइल फोटो

ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयसंकर समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल फोटो बदल दिए. देशभक्ति और सैन्य सम्मान से जुड़ी इस पहल ने ऑनलाइन खूब चर्चा बटोरी और समर्थकों में नया उत्साह भर दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आज एक साल पूरा हो गया है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर बड़ा संदेश दिया और कहा कि भारत आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में पूरी मजबूती से डटा हुआ है.

7 मई 2025 की सुबह भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक एयर और मिसाइल स्ट्राइक कर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया था. यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 नागरिकों की मौत हो गई थी.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत नौ आतंकी ठिकानों पर हमला

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद नौ आतंकी कैंपों को निशाना बनाया था. इन ठिकानों का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से बताया गया था. भारतीय कार्रवाई में कम से कम 100 आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी. भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य स्तर की बातचीत के बाद 10 मई को दोनों देशों के बीच तनाव कम हुआ था.

पीएम मोदी क्या बोले?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि ऑपरेशन के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि यह अभियान आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कार्रवाई ने भारतीय सेनाओं की प्रोफेशनल क्षमता, तैयारी और आपसी समन्वय की ताकत को दुनिया के सामने रखा.

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर भी दिया जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान की मजबूती को भी दिखाया है. उन्होंने कहा कि सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं ने इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने देश की सशस्त्र सेनाओं के साहस को सलाम करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले पूरे तंत्र को खत्म करने के अपने संकल्प पर अडिग है.

सोशल मीडिया पर बदली गई प्रोफाइल फोटो

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री समेत एनडीए के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल फोटो बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया. ऑपरेशन सिंदूर को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत के कड़े संदेश के तौर पर देखा गया था. उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भारत पाकिस्तान की परमाणु ब्लैकमेल
 को बर्दाश्त नहीं करेगा.

आधुनिक युद्ध क्षमता बढ़ाने पर फोकस

ऑपरेशन के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने युद्ध तैयारियों को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए. ड्रोन, मिसाइल सिस्टम, निगरानी तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित युद्ध क्षमताओं पर विशेष फोकस किया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag