3 दिन तक मौसम रहेगा सुपर एक्टिव! दिल्ली-यूपी समेत उत्तराखंड में आंधी और झमाझम बारिश का अलर्ट

दिल्ली, नोएडा से गाजियाबाद तक मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. उत्तर भारत में जल्द बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट महसूस होगी. वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग ने 10 से 12 मई तक कई राज्यों के लिए रेन अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि और तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है.

गुरुवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदला-बदला नजर आया. आसमान में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है. वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी का भी अनुमान है.

दिल्ली, UP और पंजाब में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 10 से 12 मई के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी मौसम बदलने की संभावना है. तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 7 मई को भी लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि 8 और 9 मई को मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन 10 मई से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है. हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और चंडीगढ़ जैसे इलाकों में भी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का अनुमान

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 6 से 8 मई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 और 12 मई को तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने का नया दौर शुरू हो सकता है. इन राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है.

बंगाल, बिहार और झारखंड में भी बदलेगा मौसम

पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है. बंगाल और सिक्किम में 9 मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं गंगा के मैदानी इलाकों में 6 से 8 मई और फिर 10 मई को बिजली गिरने और तेज बारिश की संभावना जताई गई है.

बिहार में 6 से 10 मई तक बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. झारखंड और ओडिशा में भी अगले सात दिनों तक बारिश और आंधी आने की संभावना है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी रेन अलर्ट

मध्य प्रदेश में 7 मई को बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. वहीं विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 7 से 10 मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. विदर्भ क्षेत्र में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर-पूर्वी भारत में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. इन राज्यों में लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag