क्या हार में क्या जीत में...चुनाव हारने के बाद खेसारी लाल ने जोड़े हाथ, सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा सीट से आरजेडी प्रत्याशी खेसारी लाल यादव को बीजेपी की छोटी कुमारी ने बड़े अंतर से हरा दिया. हार के बाद खेसारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जनता का आभार जताते हुए परिणाम स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि जीत-हार से ऊपर जनता उनके लिए सर्वोपरि है.

Utsav Singh
Edited By: Utsav Singh

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की बड़ी जीत के बीच छपरा सीट पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को उम्मीद के विपरीत करारी हार का सामना करना पड़ा. आरजेडी के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे खेसारी को शुरुआती रुझानों में कुछ बढ़त जरूर मिली थी, लेकिन अंत तक बीजेपी की छोटी कुमारी ने निर्णायक अंतर से जीत दर्ज कर ली. यह परिणाम राजनीतिक हलकों के साथ-साथ मनोरंजन जगत में भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

हार के बाद खेसारी का भावुक संदेश

आपको बता दें कि चुनावी नतीजों के लगभग स्पष्ट हो जाने के बाद खेसारी लाल यादव ने इंस्टाग्राम पर हाथ जोड़कर अपनी तस्वीर साझा की. उन्होंने कविता की पंक्तियों के साथ अपनी हार को स्वीकार करते हुए लिखा कि वे जीत और हार दोनों से नहीं डरते. उन्होंने कहा कि जनता हमेशा उनके लिए सर्वोपरि रही है और आगे भी रहेगी. उन्होंने यह भी लिखा कि जिन मुद्दों के लिए वे खड़े हुए थे, उन पर उनकी आवाज़ आगे भी बुलंद रहेगी.
 

कितने वोटों से हारे खेसारी लाल यादव?
छपरा सीट पर खेसारी लाल यादव को बीजेपी उम्मीदवार छोटी कुमारी ने लगभग 7 से 8 हजार वोटों के अंतर से मात दी. आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा के बावजूद खेसारी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से परिणाम को स्वीकार कर लिया. चुनाव के दौरान खेसारी को बड़े स्टार होने का फायदा मिलने की चर्चा थी, लेकिन ग्रामीण इलाकों में छोटी कुमारी की पकड़ मजबूत रही, जिसका सीधा असर नतीजों में देखने को मिला.

जीत के बाद बोली छोटी कुमारी
छपरा सीट की विजेता छोटी कुमारी ने जीत को जनता की जीत बताया. उन्होंने कहा कि लोगों ने उन पर भरोसा किया है, और वे इस भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेंगी. जब उनसे पूछा गया कि खेसारी जैसे बड़े फिल्म स्टार को हराने पर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है, तो उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में फैसला जनता करती है. चुनाव प्रचार के दौरान चर्चाएं थी कि खेसारी का प्रभाव भारी पड़ेगा, लेकिन छोटी कुमारी ने हमेशा कहा था कि उन्हें परिणाम को लेकर कोई भय नहीं है.

स्टारडम से बड़ी जनता की पसंद
छपरा सीट का परिणाम यह साबित करता है कि चुनाव में लोकप्रियता या स्टारडम से ज्यादा प्रभाव स्थानीय मुद्दों, जनसंपर्क और राजनीतिक विश्वसनीयता का रहता है. खेसारी लाल यादव ने हार स्वीकार करके परिपक्वता दिखाई, वहीं छोटी कुमारी ने जनता को भरोसा दिलाया कि वे उनके लिए काम करेंगी. बिहार की राजनीति में यह मुकाबला काफी चर्चित रहा और आने वाले समय में इसके राजनीतिक संकेत भी महत्वपूर्ण माने जाएंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag