कांग्रेस ने TVK को समर्थन देने का किया ऐलान, DMK ने गद्दारी का लगाया आरोप
तमिलनाडु में राजनीति गरमाई हुई है. कांग्रेस पार्टी ने विजय की TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. इस फैसले से गरमाई डीएमके पार्टी ने कांग्रेस को गद्दार बताया है.

चेन्नई: तमिलनाडु में नई सरकार बनाने को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. कांग्रेस पार्टी ने विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) को औपचारिक समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. इस फैसले से डीएमके पार्टी में आक्रोश है और उसने कांग्रेस पर “पीठ में छुरा घोंपने” का आरोप लगाया है.
कांग्रेस का बड़ा फैसला
कांग्रेस ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर TVK और उसके नेता विजय को सरकार गठन में पूरा समर्थन देने की घोषणा की. पार्टी ने कहा कि तमिलनाडु की जनता ने TVK को बहुत स्पष्ट और मजबूत समर्थन दिया है.
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल ने मिलकर यह फैसला लिया है. TVK ने अपने पहले ही चुनाव में डीएमके और एआईएडीएमके जैसे पुराने दलों को अच्छी टक्कर दी और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
कांग्रेस ने समर्थन पर रखी शर्तें
कांग्रेस ने अपना समर्थन बिना शर्त नहीं दिया है. पार्टी ने साफ कहा है कि समर्थन तभी तक रहेगा जब तक TVK किसी सांप्रदायिक ताकत को गठबंधन में शामिल नहीं करेगी. कांग्रेस का जोर है कि गठबंधन केवल संविधान में विश्वास रखने वाले दलों के साथ होगा.
कांग्रेस ने यह भी कहा कि यह गठबंधन सामाजिक न्याय और संविधान के मूल्यों को आगे बढ़ाएगा. इसमें पेरियार और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को विशेष जगह दी जाएगी.
लंबे समय का गठबंधन
कांग्रेस ने संकेत दिया है कि TVK के साथ उसका गठबंधन सिर्फ सरकार बनाने तक सीमित नहीं रहेगा. यह लोकसभा, राज्यसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में भी जारी रहेगा. पार्टी इसे लंबे समय तक चलने वाला गठबंधन मान रही है.
TVK की स्थिति
TVK ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीती है. बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है. कांग्रेस और अन्य छोटे दलों के समर्थन से TVK सरकार बनाने की कोशिश कर रही है. तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को मुलाकात के लिए बुलाया है. वे सरकार गठन के दावे पर विस्तार से चर्चा करेंगे.
डीएमके का तीखा हमला
डीएमके ने कांग्रेस के इस फैसले पर तेज प्रतिक्रिया दी है. डीएमके नेताओं ने इसे पुराने गठबंधन के साथ विश्वासघात बताया और “पीठ में छुरा घोंपना” करार दिया. पार्टी का कहना है कि कांग्रेस ने सत्ता के लालच में अपनी पुरानी साथी को धोखा दिया है. तमिलनाडु में यह नया राजनीतिक समीकरण काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
TVK अब जल्दी से स्थिर सरकार बनाने की तैयारी में है. कांग्रेस का समर्थन उसके लिए मजबूती का सबूत साबित हो रहा है. सभी की नजरें अब राज्यपाल की मुलाकात और आगामी घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं.


