अब मेट्रो में होगी प्री-वेडिंग शूट और बर्थडे पार्टी...प्रशासन ने शुरू किया नया प्लान; जानिए बुकिंग से लेकर खर्च तक A टू Z डिटेल्स

अब आप प्री-वेडिंग शूट और बर्थडे पार्टी चलती मेट्रो में सेलिब्रेट कर सकते हैं. मेट्रो प्रशासन ने ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ नाम से नई पहल शुरू की है, जिसके तहत आपको ये सुविधाएं दी जाएंगी.

Sonee Srivastav

भोपाल: मध्य प्रदेश का भोपाल और इंदौर मेट्रो अब सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि जश्न और सेलिब्रेशन का नया प्लेटफॉर्म बनने जा रही है. लगातार घटती सवारियों और बढ़ते घाटे से जूझ रही मेट्रो प्रशासन ने ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ नाम से नई पहल शुरू की है.

मेट्रो बनेगी पार्टी वेन्यू

मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने फैसला लिया है कि अब मेट्रो परिसर में प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग, बर्थडे सेलिब्रेशन और अन्य छोटे-बड़े आयोजन किए जा सकेंगे. मेट्रो प्रबंधन उम्मीद कर रहा है कि इस नए प्लान से अतिरिक्त कमाई होगी और घाटे को कुछ हद तक कम किया जा सकेगा.

कितना करना पड़ेगा खर्च?

आयोजन करने के लिए लोगों को एक घंटे का स्लॉट 5 से 7 हजार रुपये तक देना होगा. बुकिंग कम से कम 15 दिन पहले करानी होगी. मेट्रो प्रशासन ने साफ कहा है कि तय समय और नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा.

सुरक्षा के सख्त नियम

सेलिब्रेशन के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए कुछ पाबंदियां भी लगाई गई हैं. मेट्रो परिसर में शराब, बीड़ी-सिगरेट और पटाखों की पूरी तरह मनाही रहेगी. हर आने वाले व्यक्ति की स्टेशन पर जांच की जाएगी. 

भोपाल मेट्रो का हाल

भोपाल मेट्रो का उद्घाटन 20 दिसंबर 2025 को हुआ था और 21 दिसंबर से आम जनता के लिए शुरू हुई थी. शुरुआती दिनों में यात्रियों की अच्छी भीड़ देखने को मिली, लेकिन कुछ महीनों बाद फुटफॉल तेजी से घट गया.

इंदौर मेट्रो भी इसी समस्या से जूझ रही है. इसी घाटे को कम करने के लिए मेट्रो प्रबंधन ने यह नया आइडिया निकाला है. अब मेट्रो को सिर्फ ट्रेन के रूप में नहीं, बल्कि एक आकर्षक लोकेशन के रूप में भी देखा जाएगा.

अधिकारियों की उम्मीद

मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि यह योजना अच्छी कमाई का जरिया बन सकती है. खासकर प्री-वेडिंग शूट के लिए युवा जोड़ों में मेट्रो को लोकेशन के रूप में पसंद किया जा सकता है. हालांकि, नियमों का सख्ती से पालन करवाना और रोजमर्रा की मेट्रो सेवाओं पर असर न पड़ने देना बड़ी चुनौती होगी. 

यह कदम भोपाल और इंदौर मेट्रो को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक नया प्रयास माना जा रहा है. अगर योजना सफल रही तो भविष्य में और भी तरह के इवेंट्स को मेट्रो में शामिल किया जा सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag