थलापति विजय का समर्थन करने फिल्मी जगत के पहुंचे ये सितारें, डालिए एक नजर
अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर यानी थलापति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए प्रवेश किया तो समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.

चेन्नई: चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में रविवार सुबह का वो माहौल किसी बड़े फिल्मी इवेंट से कम नहीं रहा, जब अभिनेता से नेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर यानी थलापति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए प्रवेश किया. बता दें, सफेद कमीज और काली पतलून में पहुंचे विजय का समर्थकों ने "थलापति” के नारों और जोरदार स्वागत के साथ अभिनंदन किया. वहीं राज्य की राजनीति में यह क्षण बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद किसी गैर-द्रविड़ दल के नेता ने सत्ता की कमान संभाली है.
समर्थकों में जश्न का माहौल
स्टेडियम के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी. टीवीके के झंडों से सजी सड़कें, ढोल-नगाड़ों की आवाज और विजय की फिल्मों के गीतों पर झूमते समर्थकों ने पुरे माहौल को जश्न के रूप में बदल दिया. बता दें, इस दौरान जगह-जगह विजय के विशाल कटआउट लगाए गए और पार्टी कार्यकर्ता पटाखे फोड़कर खुशी मनाते नजर आए.
फिल्मी सितारों की दिखी मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में राजनीति से जुड़े लोगों के साथ-साथ फिल्मी जगत की भी खास मौजूदगी देखने को मिली. इस दौरान एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के पहुंचते ही समर्थकों और मीडिया में उत्साह बढ़ गया. उन्होंने समारोह में शामिल होने से पहले इसे “तमिलनाडु के लिए बड़ा दिन” बताया. विजय के माता-पिता, फिल्म निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर और गायिका-निर्माता शोभा चंद्रशेखर भी समारोह में मौजूद रहे.
Trisha to TN people: Dey targuris, get ready to welcome me as your chief minister in 10-15 years.😁😁 pic.twitter.com/4qLl0ENmiE
— ஈரோடு சிவகிரி (@yetuyegambaram) May 10, 2026
राहुल गांधी शेयर किया मंच
इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंचे और विजय के साथ मंच शेयर करते दिखाई दिए. कांग्रेस समेत वाम दलों, वीसीके और आईयूएमएल ने सरकार गठन में टीवीके का समर्थन किया है. विजय ने राज्यपाल को 120 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर बहुमत साबित किया था. बता दें, 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता थी.
सहयोगियों का लिया सहारा
टीवीके ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया। हालांकि पूर्ण बहुमत से कुछ सीटें कम रहने के कारण पार्टी को सहयोगियों का सहारा लेना पड़ा. पिछले कुछ दिनों में गठबंधन को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकों और राजनीतिक बातचीत का दौर चला. विधायकों को टूट-फूट से बचाने के लिए कई नेताओं को रिसॉर्ट और होटलों में भी रखा गया.
किसे मिली मंत्रिमंडल में जगह
वहीं विजय के पहले मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों की भी हिस्सेदारी देखने को मिली. पूर्व एआईएडीएमके नेता के.ए. सेंगोत्तैयान, संगठनात्मक रणनीतिकार आधव अर्जुन, महासचिव आनंद और पूर्व भाजपा पदाधिकारी निर्मल कुमार को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. इसके अलावा डॉक्टर, पूर्व अधिकारी और युवा नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है.


