तमिलनाडु में विजय युग की शुरुआत! अभिनेता से मुख्यमंत्री बने जोसेफ विजय, TVK सरकार ने संभाली सत्ता

तमिल सुपरस्टार से नेता बने जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. कांग्रेस, लेफ्ट और वीसीके के समर्थन से बनी TVK सरकार के साथ राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया, जब तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

सफेद कमीज, ब्लेज़र और काली पतलून में नजर आए अभिनेता से नेता बने विजय का समारोह में मौजूद समर्थकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ स्वागत किया. शपथ ग्रहण के दौरान स्टेडियम में भारी उत्साह देखने को मिला और समर्थकों ने इसे तमिलनाडु की राजनीति में “नए दौर की शुरुआत” बताया.

राज्यपाल ने 9 मंत्रियों की सूची को दी मंजूरी

राजभवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद के लिए नामित विजय ने 9 मई को नौ मंत्रियों की सूची राज्यपाल को सौंपी थी, जिसे मंजूरी दे दी गई.

बयान में कहा गया, 'मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सी. जोसेफ विजय ने 9 मई को नौ व्यक्तियों की एक सूची की सिफारिश की है जिन्हें मंत्री के रूप में नियुक्त किया जाना है. राज्यपाल ने मंत्रियों की नियुक्ति संबंधी सिफारिश को मंजूरी दे दी है.'

नई कैबिनेट में एस. कीर्तनाना एकमात्र महिला मंत्री होंगी और उन्हें कैबिनेट का सबसे युवा चेहरा भी माना जा रहा है.

विजय कैबिनेट में शामिल हुए ये चेहरे

नई सरकार में एन आनंद (बुस्सी आनंद), आधव अर्जुना, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन अरुमुगम, डॉ. टी.के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तनाना को मंत्री बनाया गया है.

इनमें कई नेता पार्टी संगठन में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं, जबकि कुछ पहली बार मंत्री पद तक पहुंचे हैं. नई कैबिनेट को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

120 विधायकों के समर्थन से बनी सरकार

सरकार गठन से पहले विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर 120 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे थे. कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियों और अन्य सहयोगी दलों के बाद वीसीके ने भी टीवीके सरकार को समर्थन देने का ऐलान किया था.

वीसीके के समर्थन के बाद विजय का बहुमत और मजबूत हो गया, जिसके बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया. इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया.

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने पर जोसेफ विजय को बधाई दी. उन्होंने उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी.

फिल्मी पर्दे से सत्ता तक का सफर

फिल्मी दुनिया में 'थलपति' के नाम से मशहूर विजय ने राजनीति में एंट्री के बाद तेजी से खुद को बड़े नेता के तौर पर स्थापित किया. उनकी पार्टी टीवीके ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार सत्ता तक पहुंचने में सफलता हासिल की.

विजय के समर्थकों के लिए यह सिर्फ राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक खास पल भी माना जा रहा है. शपथ ग्रहण समारोह के दौरान चेन्नई में पार्टी कार्यकर्ताओं और फैंस का उत्साह देखने लायक था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag