रेलवे में बंपर भर्तियां! 10 साल में 5 लाख से ज्यादा नौकरियां, युवाओं के लिए खुलेंगे 1.5 लाख नए मौके

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में बताया कि रेलवे की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और पिछले 10 वर्षों में 5 लाख से अधिक भर्तियां हुई हैं. तीसरे कार्यकाल में 1.5 लाख नई नौकरियों की प्रक्रिया जारी है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में बताया कि पिछले एक दशक में रेलवे की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. बेहतर प्रबंधन और बढ़ती आय के कारण अब रेलवे अपने खर्च पूरे करने के बाद साल के अंत में कुछ राजस्व बचत भी कर पा रहा है. मंत्री ने कहा कि यह मजबूती सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं.

मंत्री के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में रेलवे का ऑपरेटिंग रेशियो 99.22 प्रतिशत रहा. आसान शब्दों में कहें तो रेलवे अपनी आय और खर्च के बीच संतुलन बनाने में सफल रहा है. इस दौरान रेलवे की कुल ग्रॉस ट्रैफिक रेवेन्यू 2.65 लाख करोड़ रुपये से अधिक रही. सभी खर्चों को पूरा करने के बाद लगभग 2,660 करोड़ रुपये अधिशेष के रूप में बचे.

दस वर्षों में बड़ी संख्या में भर्तियां

रेल मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि पिछले दस वर्षों में रेलवे में 5 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गईं. इन भर्तियों में ट्रैक मेंटेनेंस स्टाफ, लोको पायलट, टेक्नीशियन, क्लर्क, इंजीनियर और ग्रुप-डी जैसे कई पद शामिल हैं. उनका कहना है कि इन नियुक्तियों से न केवल रेलवे की कार्यक्षमता बढ़ी है, बल्कि लाखों परिवारों को रोजगार भी मिला है.

आने वाले समय में 1.5 लाख नई नौकरियां

मंत्री ने बताया कि वर्तमान कार्यकाल में करीब 1.5 लाख नई नौकरियों की प्रक्रिया चल रही है. कई पदों के लिए परीक्षा और चयन का काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ अन्य पदों के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किए जाएंगे. इससे उन युवाओं को उम्मीद मिलेगी जो लंबे समय से रेलवे भर्ती का इंतजार कर रहे हैं.

नए प्रोजेक्ट्स से बढ़ेंगे अवसर

रोजगार के विस्तार के लिए विभिन्न राज्यों में नई रेल परियोजनाओं पर भी जोर दिया जा रहा है. खासकर पूर्वोत्तर राज्यों के लिए बजट बढ़ाकर 11,486 करोड़ रुपये कर दिया गया है. इससे नई रेल लाइनें, स्टेशन और अन्य परियोजनाएं शुरू होंगी, जिनसे स्थानीय स्तर पर काम के अवसर बनेंगे. 

इसके अलावा पंजाब, केरल, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भी नई योजनाओं पर काम चल रहा है. इन परियोजनाओं के पूरा होने पर निर्माण कार्य से लेकर संचालन तक कई तरह की नौकरियां उत्पन्न होने की संभावना है. रेल मंत्री का कहना है कि मजबूत आर्थिक स्थिति और बढ़ते निवेश के कारण रेलवे आने वाले वर्षों में भी रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बना रहेगा. इससे उन युवाओं को फायदा मिलेगा जो स्थायी और सुरक्षित सरकारी नौकरी की तलाश में हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag