केरल: तिरुवल्ला में रंगदारी न देने पर स्पा में घुसकर महिला कर्मचारी के साथ दरिंदगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
केरल के तिरुवल्ला में रंगदारी न देने पर एक स्पा में घुसकर गिरोह ने हमला किया और महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का आरोप है. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

पथानामथिट्टा (केरल): केरल के तिरुवल्ला में एक स्पा सेंटर में हुई घटना ने इलाके को हिला दिया है. आरोप है कि रंगदारी की मांग पूरी न होने पर छह लोगों के गिरोह ने स्पा में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की, और एक महिला कर्मचारी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 फरवरी की दोपहर की है. बताया जा रहा है कि गिरोह पिछले कुछ समय से स्पा प्रबंधन पर 'प्रोटेक्शन मनी' के नाम पर 50 हजार रुपये देने का दबाव बना रहा था. जब मालिक और कर्मचारियों ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी हथियारों के साथ परिसर में घुस आए. सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों को कर्मचारियों को धमकाते और डराते हुए देखा गया है. जाने से पहले उन्होंने कैश काउंटर से नकदी भी ले ली.
हाल ही में जेल से बाहर आया था आरोपी
एफआईआर के अनुसार, मुख्य आरोपी ने एक महिला कर्मचारी को जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि पीड़िता को धमकाया गया और उसके साथ मारपीट की गई. घटना के दौरान वीडियो रिकॉर्ड करने और एक ग्राहक को भी धमकाने के आरोप हैं.
पुलिस ने बताया कि इस मामले का कथित मास्टरमाइंड सुबिन अलेक्जेंडर है, जो ‘कापा’ (KAPPA) कानून के तहत सजा काटकर हाल ही में जेल से बाहर आया था. उसका आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है और उस पर पहले भी गंभीर आरोप लग चुके हैं. अब तक तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी तीन की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
विशेष टीम कर रही जांच
तिरुवल्ला के डीवाईएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है. जिला पुलिस प्रमुख ने कहा है कि गिरोह के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों की व्यापक जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा.
सरकार की प्रतिक्रिया
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने इस घटना को बेहद गंभीर और राज्य के लिए शर्मनाक बताया है. उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए पूरी ताकत से जांच की जाएगी. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस की मदद करें ताकि हर आरोपी कानून के सामने पेश हो सके.


