बिहार: मोदी-शाह की मौजूदगी में होगा कैबिनेट विस्तार, नए मंत्रियों के नामों पर चर्चा

बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. पटना में भव्य समारोह के जरिए नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं की मौजूदगी हो सकती है.

Shraddha Mishra

पटना: बिहार की राजनीति में जल्द ही नई हलचल और समीकरण देखने को मिल सकते हैं. सरकार बनने के कुछ ही हफ्तों बाद अब कैबिनेट विस्तार की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बड़े आयोजन को खास बनाने के लिए न सिर्फ राजनीतिक स्तर पर, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी जोर-शोर से काम चल रहा है. सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी सरकार के 22 दिन पूरे होने के बाद 7 मई को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंत्रिमंडल विस्तार का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है.

इस समारोह में देश के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है. जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे. इतनी बड़ी वीवीआईपी मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त किया जा रहा है. प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी तरह की परेशानी न हो.

चुनाव के चलते टला था विस्तार

दरअसल, हाल ही में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने के कारण बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को टाल दिया गया था. अब जब चुनाव संपन्न हो चुके हैं और एनडीए को सफलता मिली है, तो गठबंधन के भीतर उत्साह देखा जा रहा है. इसी माहौल में अब कैबिनेट विस्तार को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी हो रही है.

नए चेहरों को मिल सकता है मौका

सूत्रों के मुताबिक, इस बार मंत्रिमंडल में कई नए नेताओं को शामिल किया जा सकता है. सरकार जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने की कोशिश करेगी. साथ ही, संगठन में सक्रिय और मेहनती नेताओं को भी मौका मिलने की संभावना है. यह भी चर्चा है कि जदयू और भाजपा के मंत्रियों की संख्या लगभग बराबर रखी जाएगी. इसके अलावा कुछ पुराने मंत्रियों के विभागों में बदलाव भी किया जा सकता है, जिससे प्रशासनिक कामकाज को और बेहतर बनाया जा सके.

गांधी मैदान में अनोखा आयोजन

पटना का गांधी मैदान पहले भी कई बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों का गवाह रहा है. हालांकि इस बार का आयोजन खास इसलिए है, क्योंकि यहां केवल मंत्रियों का सामूहिक शपथ ग्रहण होगा. आमतौर पर मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों का शपथ ग्रहण होता है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा. इतिहास में संभवतः यह पहली बार होगा जब इस मैदान में सिर्फ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी. इससे इस आयोजन की अहमियत और भी बढ़ जाती है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag