कांग्रेस नेता सोनिया गांधी हॉस्पिटल में एडमिट, माइनर सर्जरी की खबर से बढ़ी चिंता

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के मुताबिक, उन्हें एक मामूली मेडिकल प्रक्रिया के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को गुरुग्राम  मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. खबरों के मुताबिक, उन्हें एक मामूली सर्जिकल प्रक्रिया के लिए अस्पताल में एडमिट किया गया, जिसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

हालांकि अब तक इस प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. 79 वर्षीय सोनिया गांधी पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रही हैं और दिल्ली समेत कई शहरों के अस्पतालों में उनका इलाज होता रहा है. उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच चिंता बढ़ गई है.

क्यों कराया गया भर्ती?

सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी को एक छोटे मेडिकल प्रोसीजर के लिए गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. हालांकि अस्पताल प्रशासन या कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है.

मार्च में भी हुई थीं अस्पताल में भर्ती

इस साल मार्च में भी सोनिया गांधी को तबीयत खराब होने और बेचैनी की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस दौरान उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी अस्पताल में मौजूद रहे थे.

जनवरी में सांस लेने में तकलीफ के बाद कराया गया था इलाज

जनवरी महीने में सोनिया गांधी को सांस लेने में दिक्कत की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने उस समय बताया था कि उनकी परेशानी स्वास्थ्य संबंधी पुरानी समस्या के हल्के बढ़ने की वजह से हुई थी.

2025 में कई बार कराया गया हेल्थ टेस्ट

साल 2025 के दौरान सोनिया गांधी को कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया. पेट से जुड़ी समस्याओं और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली और शिमला में उनका इलाज चलता रहा.

कांग्रेस की सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल

सोनिया गांधी पांच बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं. वह दो बार कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और पिछले दो दशकों से पार्टी की सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिनी जाती हैं. पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक मामलों में उनकी भूमिका अब भी बेहद अहम मानी जाती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag