दिल्ली में एक और अग्निकांड: विवेक विहार के बाद चांदनी चौक की एक इमारत में लगी आग

दिल्ली अग्निशमन सेवा का मानना है कि जिस मंजिल पर आग लगी वहां रिहायशी फ्लैट हैं। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेज दी गईं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में आग से 9 लोगों की मौत के कुछ घंटों बाद ही रविवार (03 मई 2026) शाम पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक में भी आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक चावड़ी बाजार इलाके की एक इमारत की पहली मंजिल पर रात करीब 9:07 बजे आग भड़क उठी।

गुजरात नमकीन भंडार के पास लगी आग   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली अग्निशमन सेवा का मानना है कि जिस मंजिल पर आग लगी वहां रिहायशी फ्लैट हैं। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेज दी गईं। 

यह इमारत चांदनी चौक में 'गुजरात नमकीन भंडार' नाम की मशहूर मिठाई की दुकान के ठीक बगल में है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। बचाव अभियान देर रात तक जारी था।

सुबह लगी थी विवेक विहार में आग 

आपको बताते चलें कि चांदनी चौक की घटना से कुछ घंटे पहले ही रविवार तड़के विवेक विहार में एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगी थी। इसमें डेढ़ साल के मासूम समेत 9 लोगों की जान चली गई। दमकल कर्मियों ने करीब 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दिल्ली अग्निशमन सेवा को तड़के 3:47 बजे कॉल मिली थी। तुरंत कई टीमें रवाना की गईं। कुल 14 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सुबह 5 बजे तक बचाव कार्य शुरू हो गया था।

AC में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी आग 

अधिकारियों ने बताया कि आग सबसे पहले घर के सामान में लगी और देखते ही देखते छह फ्लैटों तक फैल गई। दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि शुरुआती जांच में AC यूनिट से चिंगारी निकलने की आशंका है।

सचदेवा ने बताया, "पहली कॉल 3:45 बजे आई और 3:52 बजे दमकल पहुंच गई। 14 गाड़ियां लगाई गईं। 20 लोगों को बचाया गया।" उन्होंने कहा कि आग तेजी से फैली तो लोग छत की तरफ भागे, लेकिन छत पर जाने वाला दरवाजा बंद मिला।

इससे बाहर निकलने का रास्ता रुक गया। BJP विधायक संजय गोयल ने भी शॉर्ट सर्किट को वजह बताया। उन्होंने कहा कि दूसरी मंजिल पर लगे AC में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसी मंजिल पर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।

कुछ लोगों ने AC में धमाका होने की बात भी कही। दिल्ली में एक ही दिन दो जगह आग की घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चांदनी चौक में बड़ा हादसा टल गया, लेकिन विवेक विहार की त्रासदी ने पूरे शहर को झकझोर दिया।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag