गोल्डन बेड, लग्जरी कमरे और सीक्रेट बंकर...बंगाल में TMC नेता के घर मिला लग्जरी तहखाना

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में शमीम अहमद के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस को एक सीक्रेट लग्जरी तहखाना मिला. गोल्डन बेड, कुएं जैसे बाथटब, CCTV और आलीशान इंटीरियर देखकर टीम भी दंग रह गई. चुनावी हिंसा मामले में आरोपी शमीम अहमद फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में हुई एक पुलिस छापेमारी के दौरान ऐसा खुलासा हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया. शमीम अहमद के घर पर छापा मारने पहुंची पुलिस टीम को अंदर एक बेहद आलीशान और गुप्त तहखाना मिला. बाहर से साधारण दिखने वाले इस घर के भीतर छिपी लग्जरी दुनिया देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.

बताया जा रहा है कि यह सीक्रेट अंडरग्राउंड तहखाना बेहद खास तरीके से तैयार किया गया था और इसकी जानकारी केवल शमीम अहमद के करीबी लोगों को ही थी. तहखाने में महंगे फर्नीचर, ब्रांडेड सामान, सीसीटीवी सिस्टम और शानदार इंटीरियर मौजूद था. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है.

छापेमारी के दौरान खुला राज

हावड़ा के शिबपुर चौराबस्ती इलाके में हाल ही में चुनावी हिंसा और बमबाजी की घटनाएं हुई थीं. इसी मामले में आरोपी बनाए गए शमीम अहमद की तलाश में पुलिस उनके घर पहुंची थी. केस दर्ज होने के बाद से शमीम अहमद फरार बताए जा रहे हैं.

शिवपुर पुलिस स्टेशन की टीम जब वॉर्ड 36 स्थित उनके घर पहुंची, तब बाहर से मकान सामान्य दिखाई दे रहा था. लेकिन अंदर पहुंचने पर टीम को एक नक्काशीदार बड़ा गेट मिला, जिस पर भारी ताला लगा था. ताला तोड़कर अंदर दाखिल होने के बाद पुलिस को एक गुप्त रास्ता और तहखाना मिला.

तहखाने का इंटीरियर देखकर दंग रह गई टीम

पुलिस टीम जैसे ही तहखाने में पहुंची, वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई. तहखाने के अंदर एक कमरे से दूसरे कमरे तक जाने का रहस्यमयी ढांचा बना हुआ था. यहां आलीशान फर्नीचर, डिजाइनर ड्रेसिंग टेबल, महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान और कई ब्रांडेड आइटम मिले.

तहखाने में CCTV कैमरे लगाए गए थे, जिनके जरिए पूरे घर की निगरानी की जा सकती थी. इतना ही नहीं, इस सीक्रेट हिस्से में बेडरूम, लिविंग रूम, किचन और बाथरूम जैसी सुविधाएं भी मौजूद थीं.

गोल्डन बेड और खास बाथटब बना चर्चा का विषय

इस छिपे हुए हिस्से में मिला एक गोल्डन रंग का बेड सबसे ज्यादा चर्चा में है. पुलिस इसकी जांच कर रही है कि यह वास्तव में सोने का बना है या नहीं. इसके अलावा बाथरूम में कुएं जैसी डिजाइन वाला खास बाथटब भी मिला, जिसने सभी का ध्यान खींचा.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घर का यह हिस्सा किसी लग्जरी फ्लैट से कम नहीं था. बाहर से सामान्य दिखने वाला यह मकान अंदर से किसी महल जैसा नजर आ रहा था.

रहस्यमयी तरीके से बनाया गया था पूरा ढांचा

पुलिस ने बताया कि घर के अंदर छिपे हुए रास्तों और कमरों को बेहद रहस्यमयी तरीके से डिजाइन किया गया था. एक कमरे के भीतर दूसरा कमरा बनाया गया था, जिससे पूरा हिस्सा किसी भूलभुलैया जैसा दिखाई दे रहा था.

फिलहाल पुलिस घर से मिले सामान और लग्जरी इंटीरियर की कीमत का आकलन कर रही है. मामले की जांच जारी है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag