BJP के साथ गुजरात में भी हुआ 'अयोध्या कांड'... जहां बनी दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति, वहीं मिली AAP को जीत

गुजरात के नर्मदा जिले में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन ने स्थानीय राजनीति को नया मोड़ दे दिया है. आदिवासी क्षेत्रों से उभरा यह जनादेश राज्य की बदलती सियासी दिशा और नए विकल्प की मजबूती का संकेत देता है.

Shraddha Mishra

गुजरात में भी BJP संग “अयोध्या कांड” हो गया. जहां दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति खड़ी है, वहीं जनता ने केजरीवाल की राजनीति पर भरोसा जता दिया. नर्मदा की धरती ने एक साफ संदेश दिया है कि सिर्फ प्रतीक और प्रचार नहीं, बल्कि ज़मीन पर काम और जनता के साथ खड़े रहने वाली राजनीति ही असली ताकत बनती है.

गुजरात के निकाय चुनावों में भले ही भारतीय जनता पार्टी ने बड़े स्तर पर जीत का दावा किया हो, लेकिन आदिवासी बहुल नर्मदा जिले में आम आदमी पार्टी ने जो प्रदर्शन किया है, उसने पूरी राजनीतिक तस्वीर को नया मोड़ दे दिया है. यह सिर्फ सीटों की जीत नहीं, बल्कि एक सोच की जीत है- वो सोच जो हाशिए पर खड़े लोगों को केंद्र में लाती है. जिला पंचायत की 22 में से 15 सीटों पर कब्जा और 6 में से 4 तालुका पंचायतों में जीत इस बात का संकेत है कि बदलाव की लहर अब गुजरात के अंदरूनी इलाकों तक पहुंच चुकी है.

रोजमर्रा के सवालों को दी प्राथमिकता

जहां एक तरफ “स्टेच्यू ऑफ यूनिटी” को विकास का प्रतीक बताकर बड़े-बड़े दावे किए गए, वहीं उसी इलाके की जनता ने स्थानीय स्तर पर अलग फैसला देकर यह दिखा दिया कि विकास का असली पैमाना लोगों के जीवन में बदलाव होता है, न कि सिर्फ ऊंची मूर्तियां. यह वही संदेश है जो अयोध्या में भी देखने को मिला था, जहां भावनात्मक मुद्दों के बावजूद जनता ने अपने रोजमर्रा के सवालों को प्राथमिकता दी.

AAP का जमीनी मॉडल

इस पूरे बदलाव के केंद्र में आम आदमी पार्टी का मजबूत संगठन और ज़मीनी पकड़ दिखाई देती है. अरविंद केजरीवाल की राजनीति का मॉडल- ईमानदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा अब दिल्ली और पंजाब से निकलकर गुजरात के गांवों तक अपनी पकड़ बना रहा है. सीमित संसाधनों के बावजूद पार्टी ने जिस तरह से अपने कैडर को खड़ा किया, वह पारंपरिक दलों के लिए एक बड़ा सबक है.

नर्मदा में इस सफलता के पीछे विधायक चैतर वसावा का जनसंपर्क और संघर्ष भी एक अहम वजह है. आदिवासी अधिकारों, जमीन और जंगल के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाने वाले वसावा ने जनता के बीच भरोसा बनाया है. यहां तक कि जेल जाने के बाद भी उनका जनाधार कमजोर नहीं हुआ, बल्कि और मजबूत होकर उभरा, जो यह दिखाता है कि जनता अब नेताओं के साथ खड़ी होती है, न कि सत्ता के दबाव के साथ.

आम आदमी पार्टी एक बहतर विकल्प!

यह जीत ऐसे समय पर आई है, जब आम आदमी पार्टी कई चुनौतियों का सामना कर रही है. लेकिन नर्मदा का यह जनादेश बताता है कि जनता अभी भी ईमानदार राजनीति के साथ खड़ी है. अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी लगातार विस्तार कर रही है और खासकर आदिवासी इलाकों में उसकी पैठ तेजी से बढ़ रही है.

बीजेपी जहां सत्ता और संसाधनों के बल पर चुनावी जीत दर्ज कर रही है, वहीं कांग्रेस लगातार हाशिए पर जाती दिख रही है. इन दोनों के बीच आम आदमी पार्टी एक तीसरी, मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभर रही है, जो सिर्फ वादों की नहीं, बल्कि काम की राजनीति करती है.

नर्मदा का संदेश साफ है अब गुजरात में मुकाबला बदल चुका है. यह सिर्फ दो पार्टियों की लड़ाई नहीं रही, बल्कि एक नई ताकत तेजी से उभर रही है. और अगर यही रफ्तार बनी रही, तो आने वाले समय में गुजरात की राजनीति में आम आदमी पार्टी एक निर्णायक भूमिका निभाती नजर आएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag