बलिया में मुंडन संस्कार के दौरान बड़ा हादसा, नहाते समय गंगा में डूबे 6 लोग; 4 की मौत

बलिया में मुंडन संस्कार के दौरान गंगा में स्नान करते समय बड़ा हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की जान चली गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया.

Shraddha Mishra

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया. मुंडन संस्कार के लिए एकत्र हुए परिवार के बीच अचानक ऐसा हादसा हुआ जिसने कई घरों की खुशियां छीन लीं. गंगा में नहाने के दौरान छह लोग डूब गए, जिनमें से चार की जान चली गई, जबकि दो लोगों को समय रहते बचा लिया गया.

यह घटना फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर गांव से जुड़े एक परिवार की है. रविवार की सुबह वशिष्ठ चौहान के घर से लोग मुंडन संस्कार के लिए बलिया शहर के शिवरामपुर घाट (ब्यासी) पहुंचे थे. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था और लोग धार्मिक अनुष्ठान में व्यस्त थे. इसी दौरान कुछ लड़कियां गंगा में स्नान करने उतरीं, तभी अचानक वे गहराई में चली गईं और डूबने लगीं. उन्हें बचाने के लिए आसपास मौजूद लोग तुरंत नदी में कूद पड़े.

बचाने की कोशिश में बढ़ा हादसा

डूबती लड़कियों को बचाने के प्रयास में दो युवक भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण वे भी खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए. हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने तेजी दिखाते हुए दो युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी चार लोगों का कोई पता नहीं चल सका. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में डर और घबराहट फैल गई.

राहत और बचाव अभियान

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. गोताखोरों को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने घंटों की मेहनत के बाद चारों लोगों के शव बाहर निकाल लिए.

मृतकों की पहचान गड़वार थाना क्षेत्र के रामपुर भोज निवासी अजीत चौहान की बेटियां 17 वर्षीय हर्षिता और 12 वर्षीय नंदिता के रूप में हुई. इसके अलावा गाजीपुर जिले के महेशपुर गांव के रहने वाले 19 वर्षीय अर्जुन चौहान और 20 वर्षीय अरुण चौहान की भी इस हादसे में मौत हो गई.

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हो गया. डीएम मंगला प्रसाद सिंह और एसपी ओमवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया. स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

मुख्यमंत्री योगी ने दिए निर्देश

इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास किए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag