मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा: बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौके पर मौत

मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. दिल्ली से कानपुर जा रही बस में यात्रियों ने हल्का होने के लिए रुकवाया. जैसे ही वे उतरे, तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें रौंद दिया. मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में हुई इस भीषण घटना में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

उत्तर प्रदेश: यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह एक भयावह हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतरे यात्रियों को कुचल दिया. इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना सुबह करीब 2:45 बजे सुरीर थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 88 के पास हुई, जब दिल्ली से कानपुर जा रही बस के यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे.

बस को ग्रीन जोन में रोकने की बजाय चालक ने हाईवे पर ही रोक दिया, जिसके चलते यात्रियों को सड़क पर ही खड़ा होना पड़ा. इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने बस को टक्कर मारी और नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया. हादसे के समय कोहरा नहीं था, फिर भी यह दुर्घटना बेहद भयानक साबित हुई.

हादसे में छह लोगों की मौके पर मौत 

मौके पर ही इन सभी यात्रियों की मौत हो गई. जिसमें औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष, दो अन्य यात्रियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है

घायल होने वाले एकमात्र यात्री औरैया के बेला निवासी अमर दुबे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

कैसे हुआ हाहसा?

दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही बस के यात्री जब लघुशंका के लिए रुकने की मांग की, तो चालक ने सुरक्षित ग्रीन जोन की बजाय हाईवे पर बस रोक दी. यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े हुए ही थे कि तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर यात्रियों को रौंद दिया.

पुलिस ने सुचारू किया यातायातसुरीर थाने के इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा. पुलिस और राहत टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कुछ ही समय में आवागमन को सामान्य करा दिया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण सड़क हादसे का स्वतः संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाएं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag