India-US trade deal: व्यापार समझौते के बाद ट्रंप का फैसला, भारत पर लगा 25% टैरिफ हटाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को बड़ी राहत देते हुए रूसी तेल खरीद को लेकर लगाए गए 25% दंडात्मक टैरिफ को हटाने का ऐलान किया है. इसके लिए उन्होंने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जो भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को बड़ी राहत देते हुए रूसी तेल खरीद को लेकर लगाए गए 25% दंडात्मक टैरिफ को हटाने का ऐलान किया है. इसके लिए ट्रंप ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए. यह फैसला भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
यह घोषणा उस व्यापार समझौते के कुछ ही दिनों बाद आई है, जिसकी जानकारी ट्रंप ने सोमवार को दी थी और जिसकी पुष्टि बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी की. हालांकि, दोनों नेताओं के बयानों में रूसी तेल को लेकर अलग-अलग संकेत देखने को मिले थे.
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा की थी. इस पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि भारत रूसी तेल की खरीद बंद कर देगा, जो दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद का विषय रहा है.
हालांकि, इस दावे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर की गई पोस्ट में रूसी तेल का कोई जिक्र नहीं किया था.
कार्यकारी आदेश में क्या कहा गया
ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित कार्यकारी आदेश में उनके इस दावे को दोहराया गया है कि भारत ने रूस से तेल का आयात "प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से" बंद करने की "प्रतिबद्धता" जताई है. इसके साथ ही आदेश में यह भी कहा गया है कि भारत ने अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है.
आदेश में कहा गया है,"विशेष रूप से, भारत ने रूसी संघ के तेल का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है, यह स्पष्ट किया है कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदेगा, और हाल ही में अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ एक रूपरेखा के लिए प्रतिबद्धता जताई है."
अमेरिका ने भारत के कदमों को माना अहम
कार्यकारी आदेश में आगे कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिली जानकारी और सिफारिशों के आधार पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह निष्कर्ष निकाला है कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ तालमेल बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं.
इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत ने कार्यकारी आदेश 14066 में वर्णित राष्ट्रीय आपातकाल से निपटने के लिए पर्याप्त प्रयास किए हैं.
क्या है कार्यकारी आदेश 14066
8 मार्च, 2022 को जारी कार्यकारी आदेश 14066 का संबंध “यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करने के रूसी संघ के निरंतर प्रयासों के संबंध में कुछ आयात और नए निवेशों पर प्रतिबंध” से है.
कब से लागू होगा फैसला
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकारी आदेश में स्पष्ट किया है कि भारत पर 25% टैरिफ हटाने का यह निर्णय शनिवार, 7 फरवरी, 2026 से प्रभावी होगा.


