बीजिंग में शी जिनपिंग का बड़ा बयान, बोले- दुनिया के लिए जरूरी है US-China रिश्ता
बीजिंग शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी शी जिनपिंग ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने चीन-अमेरिका संबंधों को दुनिया का सबसे अहम रिश्ता बताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों को सहयोग के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए और इस रिश्ते को कभी खराब नहीं होने देना चाहिए.

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों चीन के दौरे पर हैं. बीजिंग में आयोजित अहम शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दोनों देशों के रिश्तों को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका का संबंध दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय रिश्ता है और इसे हर हाल में मजबूत बनाए रखना चाहिए.
पीपुल्स ग्रेट हॉल में गुरुवार को दिए गए अपने संबोधन में शी जिनपिंग ने सहयोग और साझेदारी पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच टकराव किसी के हित में नहीं होगा. उनके मुताबिक, यदि चीन और अमेरिका मिलकर आगे बढ़ते हैं तो इससे न केवल दोनों देशों को फायदा होगा, बल्कि वैश्विक स्थिरता और आर्थिक विकास को भी मजबूती मिलेगी.
सहयोग से फायदा, टकराव से नुकसान
शी जिनपिंग ने अपने भाषण में कहा कि दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच रिश्तों का असर पूरी दुनिया पर पड़ता है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दोनों देशों को प्रतिद्वंद्वी बनने के बजाय साझेदार के रूप में आगे बढ़ना चाहिए.
उन्होंने कहा, “हम दोनों का मानना है कि चीन-अमेरिका संबंध दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंध है. हमें इसे सफल बनाना होगा और इसे कभी खराब नहीं करना चाहिए.” उनके इस बयान को दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की दिशा में अहम संकेत माना जा रहा है.
'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' का भी किया जिक्र
चीनी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में ट्रंप के लोकप्रिय नारे ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि चीन के राष्ट्रीय कायाकल्प और अमेरिका के विकास के लक्ष्य एक साथ आगे बढ़ सकते हैं. शी जिनपिंग ने यह संकेत देने की कोशिश की कि दोनों देशों के हित एक-दूसरे के विरोध में नहीं हैं.
ट्रंप ने दिया व्हाइट हाउस आने का न्योता
वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस रिश्ते को इतिहास का सबसे प्रभावशाली संबंध बताया. उन्होंने शी जिनपिंग और उनकी पत्नी को 24 सितंबर को व्हाइट हाउस आने का औपचारिक निमंत्रण दिया. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच बेहतर संबंध वैश्विक राजनीति और व्यापार के लिए बेहद अहम हैं.


