एक तस्वीर की चाह ने छीन ली जिंदगी, आंध्र प्रदेश में तीन किशोरियों की पानी में डूबने से मौत

आंध्र प्रदेश में वाटरफॉल पर घूमने गई पांच लड़कियों में से तीन की डूबने से मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब वे फोटो खींच रही थीं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

Shraddha Mishra

आंध्र प्रदेश से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक पल की खुशी और यादगार तस्वीर लेने की चाह ने तीन किशोरियों की जान ले ली. अल्लूरी सीताराम राजू जिले में मुल्लुंगुम्मी वाटरफॉल की खूबसूरती देखने गई पांच सहेलियों में से तीन की पानी में तस्वीरें लेने की कोशिश करते समय डूबने से मौत हो गई. 

यह घटना अल्लूरी सीताराम राजू जिले के हुकुमपेटा मंडल स्थित बुरजा पंचायत के पास मुल्लुंगुम्मी जलप्रपात पर गुरुवार को हुई. जाम्बावलासा गांव की पांच लड़कियां त्योहार की छुट्टियों के दौरान घूमने के लिए इस वाटरफॉल पर पहुंची थीं. पुलिस के अनुसार, सभी लड़कियां वहां तस्वीरें और सेल्फी वीडियो लेने में व्यस्त थीं. इसी दौरान तीन लड़कियां पानी के बीच बनी एक बड़ी चट्टान पर चढ़ गईं, ताकि बेहतर तस्वीर ली जा सके.

फिसला पैर, बह गईं तीन जिंदगियां

चट्टान पर खड़ी लड़कियों का अचानक संतुलन बिगड़ गया और उनका पैर फिसल गया. देखते ही देखते तीनों तेज बहाव वाले पानी में गिर गईं. मौके पर मौजूद स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए तुरंत दौड़े, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे कुछ नहीं कर सके. कुछ ही पलों में तीनों लड़कियां पानी में बह गईं और नजरों से ओझल हो गईं.

बाद में खोजबीन के दौरान तीनों लड़कियों के शव पानी से बाहर निकाले गए. मृतकों की पहचान 17 वर्षीय तृषा, 16 वर्षीय रत्ना कुमारी और 16 वर्षीय पवित्रा के रूप में हुई है. इस हादसे में बाकी दो लड़कियां किसी तरह सुरक्षित बच निकलीं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बढ़ी सुरक्षा को लेकर चिंता

इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है. अल्लूरी जिला अपने खूबसूरत जलप्रपातों और पिकनिक स्पॉट्स के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं. अधिकारियों का कहना है कि कई बार पर्यटक चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज कर खतरनाक जगहों पर चले जाते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. उन्होंने ज्यादा चेतावनी बोर्ड लगाने, खतरनाक जगहों पर बैरिकेड लगाने और पुलिस की तैनाती बढ़ाने की जरूरत बताई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag