खुला रह गया घर का दरवाजा, डिलीवरी मैन ने देखा तो किया ये काम... वीडियो सेशल मीडिया पर वायरल

मुंबई में एक महिला का घर गलती से खुला रह गया, लेकिन डिलीवरी एजेंट ने ईमानदारी दिखाते हुए वहां रुककर सुरक्षा का ध्यान रखा. यह छोटी घटना अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है.

Shraddha Mishra

मुंबई से सामने आई एक छोटी-सी घटना ने लोगों का दिल जीत लिया है. एक महिला की मामूली सी गलती, जो किसी बड़े नुकसान का कारण बन सकती थी, एक डिलीवरी एजेंट की ईमानदारी और जिम्मेदारी की वजह से एक प्रेरणादायक कहानी बन गई. यह घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे सराह रहे हैं.

इंस्टाग्राम यूजर दिव्या उन्नी ने इस पूरे वाकये को एक वीडियो के जरिए साझा किया. उन्होंने बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गई थीं, लेकिन जल्दबाजी में अपना मुख्य दरवाजा बंद करना भूल गईं. उन्हें इस गलती का एहसास तब हुआ, जब एक डिलीवरी एजेंट उनके घर पार्सल लेकर पहुंचा.

डिलीवरी एजेंट की सतर्कता

दिव्या के अनुसार, डिलीवरी एजेंट ने दरवाजा खुला देखकर तुरंत उन्हें फोन किया और स्थिति की जानकारी दी. उसने भरोसा दिलाया कि वह पार्सल को सुरक्षित अंदर रख देगा. लेकिन उसने सिर्फ इतना ही नहीं किया, बल्कि वह घर के बाहर ही खड़ा रहा, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो.

वीडियो में देखा जा सकता है कि जब दिव्या वापस अपने घर पहुंचती हैं, तो दरवाजा खुला होता है और बाहर वही डिलीवरी एजेंट खड़ा होता है. उसने अपना नाम अमजद बताया और कहा कि वह सिर्फ यह सुनिश्चित करना चाहता था कि सब कुछ सुरक्षित रहे. उसकी यह जिम्मेदारी और ईमानदारी देखकर दिव्या भावुक हो गईं.

सोशल मीडिया पर मिली जमकर सराहना

दिव्या ने इस अच्छे काम के लिए अमजद का धन्यवाद किया और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया. हजारों लोगों ने डिलीवरी एजेंट की तारीफ की और उसकी ईमानदारी को सराहा.

वीडियो पर कमेंट करते हुए कई लोगों ने कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी बहुत कम देखने को मिलती है. कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया कि ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाना चाहिए, जबकि कई लोगों ने कहा कि उसे टिप देना एक अच्छा तरीका हो सकता है.

इस घटना ने यह दिखा दिया कि आज भी समाज में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाते हैं. यह कहानी सिर्फ एक डिलीवरी एजेंट की ईमानदारी नहीं, बल्कि इंसानियत की एक मिसाल बनकर सामने आई है. दिव्या द्वारा इस घटना को साझा करने से न केवल उस एजेंट की सराहना हुई, बल्कि यह भी सामने आया कि रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली छोटी-छोटी अच्छी घटनाएं भी लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सकती हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag