कोलकाता में बड़ा धमाका! RG Kar पीड़िता की मां के घर के बाहर ब्लास्ट, कई BJP कार्यकर्ता घायल

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा ने फिर डरावना मोड़ ले लिया. सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद ही पानीहाटी में हुए बम धमाके में बीजेपी के पांच कार्यकर्ता घायल हो गए.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में देर रात हुए बम हमले में भाजपा के पांच समर्थक घायल हो गए. यह हमला उस इलाके में हुआ जो हाल ही में निर्वाचित भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ के घर के पास स्थित है. रत्ना देबनाथ आरजी कर अस्पताल रेप पीड़िता की मां हैं.

इस घटना ने राज्य की राजनीति में तनाव और बढ़ा दिया है, क्योंकि इससे कुछ घंटे पहले ही भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. भाजपा ने दोनों घटनाओं को राजनीतिक हिंसा बताते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम हमला

पुलिस के मुताबिक पानीहाटी के सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह को निशाना बनाकर देसी बम फेंके. इस हमले में कम से कम पांच लोग घायल हो गए. घायलों को तुरंत कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

बाइक सवार हमलावरों पर आरोप

स्थानीय सूत्रों के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता पानीहाटी के वार्ड नंबर 2 स्थित दत्ता रोड पर स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर बम फेंककर फरार हो गए. भाजपा ने आरोप लगाया है कि हमलावरों को सत्तारूढ़ ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था. हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हमने की जांच शुरू कर दी है और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.

इलाके में सुरक्षाबलों की तैनाती

अधिकारी ने कहा, हम कड़ी निगरानी रख रहे हैं और लोगों से अपील करते हैं कि वे अफवाहें न फैलाएं. शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

चंद्रनाथ रथ हत्या के बाद बढ़ा तनाव

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब भाजपा नेता चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर पहले से ही राज्य की राजनीति गरमाई हुई है. भाजपा ने दावा किया है कि चुनाव परिणामों के बाद राज्य में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस लगातार इन आरोपों से इनकार कर रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag