पेपर लीक के बाद NEET एग्जाम में बड़े बदलाव... अब ऑनलाइन मोड से होगी परीक्षा, छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त समय

NEET 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्रालय और NTA ने कई बड़े बदलावों की घोषणा की है. छात्रों को अतिरिक्त समय, सेंटर चुनने की सुविधा और नई परीक्षा व्यवस्था का लाभ मिलेगा, जबकि अगले साल से परीक्षा का तरीका भी बदल जाएगा.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 को लेकर छात्रों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद अब केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने नई तैयारियों के साथ परीक्षा प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की है कि अगले साल से NEET परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही 21 जून को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा को लेकर भी कई अहम जानकारियां साझा की गई हैं.

पेपर लीक विवाद के बाद लाखों छात्र लंबे समय से नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर अपडेट का इंतजार कर रहे थे. अब सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा.

अगले साल से कंप्यूटर आधारित होगी NEET परीक्षा

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि वर्ष 2027 से NEET परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड (CBT) में आयोजित की जाएगी. सरकार का मानना है कि ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली लागू होने से पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी अन्य अनियमितताओं को रोकने में मदद मिलेगी. इसके अलावा परीक्षा प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बन सकेगी. अब तक NEET परीक्षा पेन और पेपर मोड में आयोजित होती रही है, लेकिन हाल के विवादों के बाद परीक्षा प्रणाली में बदलाव का फैसला लिया गया है.

21 जून को होगी NEET पुनर्परीक्षा

NTA पहले ही घोषणा कर चुका है कि रद्द की गई NEET-UG 2026 परीक्षा की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी.  शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और छात्रों को समय पर सभी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार का उद्देश्य है कि इस बार परीक्षा बिना किसी विवाद और परेशानी के सफलतापूर्वक पूरी हो.

14 जून तक जारी होंगे एडमिट कार्ड

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पुनर्परीक्षा के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे. छात्र अपने एडमिट कार्ड NTA की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे. अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि इस बार नया एडमिट कार्ड जारी होगा, इसलिए उम्मीदवारों को उसे दोबारा डाउनलोड करना होगा. इसके साथ ही छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और NTA के अधिकृत चैनलों पर ही भरोसा करें.

छात्र खुद चुन सकेंगे परीक्षा केंद्र

इस बार पुनर्परीक्षा में उम्मीदवारों को अपना परीक्षा केंद्र चुनने की सुविधा भी दी जाएगी. माना जा रहा है कि इससे छात्रों को यात्रा और अन्य व्यवस्थाओं में राहत मिलेगी. कई छात्रों ने पहले परीक्षा केंद्र दूर मिलने की शिकायत की थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया गया है.

उम्मीदवारों को मिलेगा 15 मिनट अतिरिक्त समय

NTA ने यह भी घोषणा की है कि पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. विशेषज्ञों के अनुसार, यह फैसला छात्रों के मानसिक दबाव को कम करने और उन्हें बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है. पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद कई छात्र तनाव में थे. ऐसे में अतिरिक्त समय को राहत के तौर पर देखा जा रहा है.

दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं

NTA ने स्पष्ट किया है कि पुनर्परीक्षा के लिए छात्रों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. मई 2026 की परीक्षा के लिए जिन उम्मीदवारों ने पहले रजिस्ट्रेशन कराया था, वही विवरण पुनर्परीक्षा में मान्य रहेगा. इसके अलावा छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा. एजेंसी ने यह भी बताया कि पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी.

सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान रहने की सलाह

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों से दूर रहें. एजेंसी ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी केवल NTA की वेबसाइट और अधिकृत प्लेटफॉर्म पर ही जारी की जाएगी.

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

छात्र NEET-UG 2026 से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए NTA की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. उम्मीदवार 011-40759000 और 011-69227700 नंबरों पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा [neetug2026@nta.ac.in](mailto:neetug2026@nta.ac.in) पर ईमेल के जरिए भी सहायता ली जा सकती है. परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर विजिट कर सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag