NEET UG को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान, OMR की जगह अब कंप्यूटर बेस्ड होगी परीक्षा

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले साल से NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव होगा. अब OMR शीट की जगह परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और प्रक्रिया दोनों मजबूत होंगी.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली:  देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET 2026 पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने कई बड़े फैसले लिए हैं. पेपर लीक के चलते परीक्षा रद्द होने के बाद अब NTA ने घोषणा की है कि NEET 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी. इसी बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज यानी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलावों का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि अगले साल से NEET परीक्षा ऑनलाइन मोड यानी कंप्यूटर आधारित टेस्ट के जरिए आयोजित कराई जाएगी.

अगले साल से ऑनलाइन होगी NEET परीक्षा

धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि NEET परीक्षा का फॉर्मेट अब पूरी तरह बदलने जा रहा है. अगले साल से परीक्षा OMR शीट पर नहीं होगी, बल्कि कंप्यूटर आधारित प्रणाली के जरिए आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि CBT मोड अपेक्षाकृत ज्यादा सुरक्षित है और इससे परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जा सकेगा.

छात्रों को फीस रिफंड और शहर चुनने का मौका

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस साल दोबारा आयोजित होने वाली NEET 2026 परीक्षा के लिए छात्रों की परीक्षा फीस वापस की जाएगी, ताकि उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े. इसके साथ ही छात्रों को एक सप्ताह तक अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने का अवसर भी दिया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा का समय बढ़ाया जाएगा, ताकि छात्रों को OMR शीट भरने के लिए पर्याप्त समय मिल सके.

हमसे चूक हुई है- धर्मेंद्र प्रधान

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, हमसे चूक हुई है हम स्वीकार करते हैं और सरकार छात्रों के साथ है. हम पेपर लीक करने वालों को छोड़ेंगे नहीं. अगला एग्जाम लीक नहीं होगा इसकी गारंटी लेते हैं आप सबका सहयोग चाहिए. इस मामले मे मैं पार्लियामेंट में भी जवाब दूंगा. उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

छात्रों से बिना डर परीक्षा देने की अपील

शिक्षा मंत्री ने आगे कहा, मैं छात्रों से कहूंगा कि वे बिना भय के एग्जाम दें. हमें देश के हित मे कठोर निर्णय लेने पड़े हैं. हमने कुछ बदलाव किए हैं. NTA अभी काफी काबिल हाथो में हैं. सीबीआई इस मामले की तह तक जायेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए जरूरी सुधार किए जा रहे हैं.

21 जून को होगी दोबारा परीक्षा

एनटीए के मुताबिक NEET 2026 की री-एग्जाम परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी. पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द किए जाने से लाखों छात्रों में नाराजगी और चिंता का माहौल था. अब छात्रों को दोबारा तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है और सरकार परीक्षा प्रक्रिया को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाने की तैयारी में जुटी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag