NEET UG परीक्षा की नई तारीखों का हुआ ऐलान, एनटीए ने की आधिकारिक घोषणा

NEET UG परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान हो गया है. NTA ने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए नई तारीखों के बारे में जानकारी दी है. NEET UG की पुनर्परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी. 

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. लंबे इंतजार और लगातार बढ़ते विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आखिरकार NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है. पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के चलते पहले परीक्षा रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी. अब नई तारीख की घोषणा के साथ उम्मीदवारों को फिर से तैयारी का मौका मिला है.

एनटीए द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी. यह फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है. पहले आयोजित परीक्षा पर सवाल उठने के बाद पूरे देश में इस परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर बहस तेज हो गई थी. पेपर लीक की खबरें सामने आने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी.

पेपर लीक विवाद के बाद बढ़ी चिंता

NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. इस परीक्षा के जरिए छात्र MBBS, BDS और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश लेते हैं. लेकिन इस साल परीक्षा से पहले कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए. कई राज्यों में जांच एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू की, जिसके बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया. परीक्षा रद्द होने से छात्रों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा. कई उम्मीदवारों ने कम समय में दोबारा तैयारी करने की चिंता भी जताई. अभिभावकों ने भी परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए थे.

छात्रों को मिला दूसरा मौका

नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद अब उम्मीदवारों को फिर से खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा. शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह परीक्षा केवल छात्रों के लिए नहीं, बल्कि परीक्षा एजेंसियों की विश्वसनीयता के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को लेकर प्रशासन पर अतिरिक्त दबाव रहेगा, क्योंकि पूरे देश की नजर अब पुनर्परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा पर होगी.

NTA ने छात्रों से की खास अपील

एनटीए ने अपने नोटिस में उम्मीदवारों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक वेबसाइट और सूचना माध्यमों पर भरोसा करने को कहा है. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों से बचना जरूरी है. छात्रों को किसी भी जानकारी के लिए केवल एनटीए की आधिकारिक घोषणा पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है.

पेपर लीक विवाद के बाद माना जा रहा है कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा पहले से कहीं ज्यादा कड़ी होगी. सूत्रों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर मजबूत डिजिटल निगरानी, सख्त जांच प्रक्रिया और गोपनीय दस्तावेजों की विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा सकती है. अधिकारियों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और विवादमुक्त तरीके से संपन्न हो.

हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी

परीक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. उम्मीदवार 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा छात्र अपनी समस्याएं और सवाल ईमेल के जरिए [neet-ug@nta.ac.in](mailto:neet-ug@nta.ac.in) पर भी भेज सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag