बॉबी देओल का 'बंदर' टीजर देखकर देओल परिवार क्यों हो गया दीवाना? भाई से लेकर भतीजे तक सबने जमकर की तारीफ

बॉबी देओल के फिल्म 'बंदर' के टीजर पर सनी देओल ने भाई की जमकर तारीफ की. साथ ही भतीजे करण देओल ने भी चाचा की तारीफों की पुल बांधे हैं. देओल परिवार की इस प्यार भरी प्रतिक्रिया के साथ टीजर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Sonee Srivastav

Bandar Teaser: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता बॉबी देओल इन दिनों अपनी नई फिल्म 'बंदर' के टीजर की वजह से सुर्खियों में हैं. टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का बाजार गर्म हो गया है. फैंस और फिल्मी दुनिया दोनों ही बॉबी के नए लुक और रोल की तारीफ कर रहे हैं. इस बीच देओल परिवार ने भी खुशी जताई है.

सनी देओल ने भाई की तारीफ में पोस्ट किया टीजर

बॉबी देओल के बड़े भाई सनी देओल ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर 'बंदर' का टीजर शेयर किया. पोस्ट करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा, “लुकिंग सो गुड माय लॉर्ड बॉबी.” सनी देओल का यह प्यार भरा संदेश तुरंत वायरल हो गया. इससे साफ पता चलता है कि सनी को अपने छोटे भाई के नए अवतार पर कितना गर्व है.

करण देओल ने चाचा की जमकर तारीफ की

सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल ने भी चाचा बॉबी की तारीफ करते हुए टीजर शेयर किया. करण ने लिखा, “वाह!! 'बंदर' का बेसब्री से इंतजार है. बॉबी चाचा, आप कमाल लग रहे हो.” भतीजे के इस प्यार भरे कमेंट ने फैंस को और ज्यादा खुशी दी. 'एनिमल' के बाद बॉबी अब फिर एक अलग और गहरे रोल में नजर आ रहे हैं, जो दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है.

टीजर में क्या है खास?

टीजर की शुरुआत काफी मजेदार तरीके से होती है. बॉबी देओल समीर मेहरा के रोल में 70 के दशक के डिस्को स्टार जैसे स्टाइलिश लुक में दिखते हैं और स्टेज पर परफॉर्म करते नजर आते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद कहानी अचानक रहस्यमयी हो जाती है.

टीजर में दिखाया गया है कि समीर एक डेटिंग ऐप के जरिए लड़कियों से मिलते हैं. शुरू में सब सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे ये मुलाकातें उनके लिए बड़ी मुसीबत बन जाती हैं. 

बॉबी को कानूनी उलझनों में फंसते और गिरफ्तार होते भी दिखाया गया है. टीजर में सस्पेंस, टेंशन और मनोवैज्ञानिक मोड़ साफ नजर आते हैं, जो फिल्म को और रोचक बनाते हैं.

'बंदर' फिल्म की रिलीज डेट 

'बंदर' में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोसले जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जिन्होंने पहले 'पाताल लोक', 'कोहरा' और 'उड़ता पंजाब' जैसी मजबूत स्क्रिप्ट्स पर काम किया है. 

फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है. निखिल द्विवेदी की कंपनी सफ्रॉन मैजिकवर्क्स ने फिल्म का निर्माण किया है और जी स्टूडियोज इसे प्रस्तुत कर रहा है. 'बंदर' 5 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag