EPFO सदस्यों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब ATM और UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा, जानें कब से
अब PF निकालना होगा बेहद आसान. आपका एटीएम कार्ड सीधे PF अकाउंट से जुड़ सकेगा, जिससे बिना कागजी झंझट और ऑफिस के चक्कर लगाए तुरंत पैसा निकाला जा सकेगा. निकासी सीमा 50% तय होगी.

EPFO के करीब 8 करोड़ सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. जल्द ही पीएफ खाताधारक ATM और UPI के जरिए अपने प्रोविडेंट फंड का पैसा निकाल सकेंगे. यह सुविधा मई के अंत तक शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पीएफ फंड तक पहुंच पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज हो जाएगी.
खबरों के मुताबिक, EPFO अपने डिजिटल सिस्टम को और आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है. EPFO डैशबोर्ड के अनुसार संगठन में लगभग 7,98,24,491 सदस्य जुड़े हुए हैं, जिनमें से 7.74 करोड़ से अधिक सदस्यों की आधार आधारित KYC पूरी हो चुकी है. वहीं, 82,11,182 पेंशनर्स भी इस व्यवस्था का हिस्सा हैं.
क्या है EPFO 3.0?
EPFO ने पिछले वर्ष EPFO 3.0 सिस्टम लॉन्च किया था. इसका उद्देश्य पीएफ से जुड़ी सेवाओं और प्रक्रियाओं को पूरी तरह डिजिटल और यूजर-फ्रेंडली बनाना है. बताया जा रहा है कि यह नया सिस्टम मिड-2026 तक पूरी तरह लागू हो जाएगा. इसके बाद पीएफ क्लेम, फंड ट्रांसफर और निकासी जैसी प्रक्रियाएं पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएंगी.
ATM और UPI से कैसे निकाल सकेंगे PF का पैसा?
नई सुविधा के तहत EPFO अपने सदस्यों को एक विशेष ATM कार्ड जारी करेगा. यह कार्ड सीधे उनके पीएफ अकाउंट से लिंक होगा. इसके जरिए सदस्य किसी भी ATM से अपना PF पैसा निकाल सकेंगे. इसके अलावा, UPI के जरिए भी PF बैलेंस ट्रांसफर करने की सुविधा मिलेगी. इससे फंड एक्सेस में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा.
निकासी की सीमा क्या होगी?
EPFO निकासी के लिए अधिकतम सीमा तय करेगा. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सदस्य अपने कुल PF बैलेंस का केवल 50 प्रतिशत तक ही ATM या UPI के जरिए निकाल सकेंगे.
कौन उठा सकेगा इस सुविधा का लाभ?
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए EPFO सदस्यों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी.
-
UAN एक्टिव होना जरूरी होगा.
-
आधार, PAN, बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड UAN से लिंक होना चाहिए.
-
KYC पूरी तरह सत्यापित होना अनिवार्य होगा.
-
रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे EPFO क्लेम
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने पिछले महीने जानकारी दी थी कि वित्त वर्ष 2025-26 में EPFO ने 8.31 करोड़ क्लेम सेटल किए हैं. यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2024-25 के 6.01 करोड़ क्लेम की तुलना में काफी ज्यादा है. इनमें 5.51 करोड़ क्लेम एडवांस या आंशिक निकासी से जुड़े थे.
ऑटो मोड में तेजी से हो रहे क्लेम प्रोसेस
रिपोर्ट के अनुसार 71.11 प्रतिशत एडवांस क्लेम ऑटो मोड में तीन दिनों के भीतर प्रोसेस किए गए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 59.19 प्रतिशत था.
इसके अलावा:-
-
6.68 करोड़ सदस्यों ने बिना चेक लीफ अपलोड किए क्लेम दायर किए.
-
1.59 करोड़ सदस्यों ने बिना एम्प्लॉयर मंजूरी के बैंक अकाउंट सीड किए.
-
70.55 लाख ट्रांसफर क्लेम ऑटोमेटिक प्रोसेस हुए.
-
24.84 लाख ट्रांसफर रिक्वेस्ट सदस्यों ने बिना एम्प्लॉयर हस्तक्षेप के पूरी कीं.


