दिल्ली के बदरपुर में चाकूबाजी, कार का साइड मिरर टूटने पर नाबालिगों ने युवक को उतारा मौत के घाट
दिल्ली के बदरपुर स्थित गौतमपुरी में एक छोटी-सी बात ने खौफनाक रूप ले लिया. कार का साइड मिरर टूटने पर हुए झगड़े में दो नाबालिगों और उनके साथियों ने दो युवकों पर चाकू से हमला बोल दिया. जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अभी भी गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.

साउथ ईस्ट दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में कार के साइड मिरर टूटने के छोटे से विवाद ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया. दो नाबालिगों और उनके दो साथियों ने जीजा-साले पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में 25 वर्षीय अरुण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके जीजा शिवम की हालत गंभीर बनी हुई है. दोनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है. इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और परिवार ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है.
विवाद कैसे शुरू हुआ और खूनी झगड़े में बदला?
5 फरवरी की रात करीब 10 बजे गौतमपुरी में आयुर्वेद अस्पताल के पास पीसीआर कॉल मिली कि चाकूबाजी हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायलों को पहले ही एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा चुका है. जांच में सामने आया कि अरुण और शिवम की कार का साइड मिरर टूटने को लेकर स्थानीय दो नाबालिगों और उनके साथियों से तीखी बहस हुई. दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी थी, जिसके चलते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया.
चश्मदीदों ने क्या बताया?
वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कार का साइड मिरर टूटने पर दोनों जीजा-साले ने विरोध जताया. इसी बात पर नाबालिगों और उनके दो साथियों ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से हमला बोल दिया. अरुण के कूल्हे के पास चाकू लगा, जिससे काफी खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई. वहीं शिवम के पेट के ऊपरी हिस्से में गहरा घाव है और उनका इलाज जारी है.
बचाव करने वालों को भी दिखाया चाकू
अरुण की मौसी पूजा और सुनीता ने घटना के बारे में बताया कि रात में खाना खाने के बाद अरुण और शिवम सैर के लिए निकले थे. इसी दौरान आरोपियों ने उनकी कार का साइड मिरर तोड़ दिया. विरोध करने पर मारपीट शुरू हुई और फिर चाकूबाजी हो गई. बीच-बचाव करने आए लोगों को भी आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया और भगाया. पूजा ने बताया कि अरुण के परिवार में माता-पिता, पत्नी और डेढ़ साल की छोटी बच्ची है. परिवार ने न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी साउथ ईस्ट डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. कई टीमों ने एक साथ छापेमारी की और 16 साल के दो नाबालिगों समेत अमर और विक्की नाम के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि हमले में एक नाबालिग ने ही दोनों युवकों पर चाकू से वार किया था.आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.


