अस्वीकार्य... भारत ने की फुजैराह पर ईरानी हमले की निंदा, 3 भारतीय हुए थे घायल

यूएई के फुजैराह में हुए हमले के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. इस घटना में भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिससे पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच स्थिति और गंभीर होती नजर आ रही है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव ने खतरनाक मोड़ ले लिया है. संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह में हुए हमले ने न केवल क्षेत्रीय शांति को झकझोर दिया, बल्कि भारत के लिए भी चिंता बढ़ा दी, क्योंकि इस घटना में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए. इस हमले के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है. भारत ने फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन पर हुए हमले की तीखी निंदा की है. 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने तुरंत हिंसा रोकने और संवाद के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया. प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि भारत यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है. उन्होंने शांतिपूर्ण बातचीत के माध्यम से स्थिति को संभालने की अपील की.

हमले की पूरी घटना

सोमवार को ईरान ने मिसाइल और ड्रोन के जरिए संयुक्त अरब अमीरात पर हमला किया. इन हमलों में फुजैराह के ऑयल इंडस्ट्रियल जोन में आग लग गई, जिससे कई लोग घायल हो गए, जिनमें तीन भारतीय भी शामिल हैं. यह हमला ऐसे समय में हुआ जब क्षेत्र में पहले से ही तनाव बना हुआ था. यूएई के अधिकारियों के अनुसार, चार क्रूज मिसाइलें दागी गई थीं, जिनमें से तीन को वायु रक्षा प्रणाली ने हवा में ही नष्ट कर दिया, जबकि चौथी समुद्र में गिर गई. इसके अलावा ड्रोन हमलों ने भी नुकसान पहुंचाया.

अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि घायल भारतीयों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है. दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर उनकी हर संभव मदद कर रहा है, ताकि उन्हें बेहतर इलाज और सुरक्षा मिल सके.

फुजैराह क्षेत्र UAE के लिए अहम

फुजैराह क्षेत्र संयुक्त अरब अमीरात के लिए बेहद अहम माना जाता है. यह इलाका देश के ऊर्जा निर्यात का बड़ा केंद्र है और यहां से तेल की आपूर्ति ओमान की खाड़ी के रास्ते होती है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य पर निर्भरता कम होती है. यही वजह है कि इस क्षेत्र पर हमला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है.

ईरान और यूएई के बीच बढ़ती तनातनी

इस घटना ने पहले से जारी संघर्ष को और गंभीर बना दिया है. कुछ समय पहले ही अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम हुआ था, जिससे हालात थोड़े शांत हुए थे, लेकिन इस नए हमले ने उस शांति को फिर से तोड़ दिया. यूएई के अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में कई ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोका गया है. वहीं, दुबई और अबू धाबी जैसे शहरों में लोगों को आपातकालीन अलर्ट भी जारी किए गए, जिससे डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.

ईरानी मीडिया के अनुसार, उनकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास अपने ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया है. वहीं, यूएई ने इन हमलों को गंभीर खतरा बताते हुए जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखने की बात कही है. यूएई के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को "विश्वासघाती" करार दिया और कहा कि यह देश की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag