'पहले रोहित भाई, फिर धोनी भाई...'सुर्या ने बताया आइकॉनिक फोटो का राज, BCCI ने भी किया मजेदार कमेंट

शनिवार को आईपीएल 2026 का रोमांचक मैच मुंबई और चेन्नई के बीच खेला गया. इस दौरान सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा और एमएस धोनी के साथ एक फोटो शेयर की.

Sonee Srivastav

IPL 2026:  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के मैच से पहले सुर्यकुमार यादव ने एक खास तस्वीर शेयर की. इस फोटो में रोहित शर्मा और एमएस धोनी के साथ सुर्या दिख रहे हैं. तीनों टी-20 विश्व कप जीत चुके कप्तान एक फ्रेम में हैं.

सुर्या ने फैंस से मांगा सुझाव 

सुर्यकुमार ने कैप्शन में लिखा, "ग्रुप डीपी मिल गया, बस ग्रुप का नाम सजेस्ट करो." फैंस ने इस पोस्ट पर ढेर सारे सुझाव दिए. बीसीसीआई ने भी कमेंट करके मजेदार नाम दिया - "The CUP-TAANS". तीन विश्व कप विजेता कप्तानों की तस्वीर देखकर क्रिकेट प्रेमी खुशी से भर गए.

सुर्या ने बताया पूरी कहानी

मैच के बाद ब्रॉडकास्टर के साथ बातचीत में सुर्यकुमार यादव ने इस आइकॉनिक फोटो के पीछे की कहानी बताई. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सपना सच होने जैसा पल था.

सुर्या ने बताया, "जब मैं सोचता था कि भारत के लिए विश्व कप क्रिकेट खेलूंगा और मैच जीतूंगा, तब कभी नहीं सोचा था कि मुझे टीम की कप्तानी करने का मौका भी मिलेगा. भगवान की कृपा से 2026 टी-20 विश्व कप जीतने का मौका मिला."

भारत ने मार्च 2026 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था. फाइनल में भारत ने 255/5 बनाए और न्यूजीलैंड को 159 पर समेट दिया. इस जीत के साथ सुर्यकुमार तीसरे भारतीय कप्तान बन गए, जिन्होंने टी-20 विश्व कप जीता. इससे पहले धोनी 2007 और रोहित 2024 में कप्तान थे.

कैसे हुई फोटो?

सुर्या ने आगे बताया, "चेन्नई में पहला मैच खेलने से पहले मेरे दिमाग में आया कि अगर तीनों विश्व कप जीतने वाले कप्तान एक साथ फोटो में आ जाएं तो यह लाइफटाइम यादगार पल बन जाएगा. कल यहां आने पर मुझे 1 प्रतिशत मौका दिखा. मैंने पहले रोहित भाई से पूछा, फिर महि भाई से बात की. दोनों ने हां कर दी. फिर मैंने बिना देर किए सुबह जल्दी फोटो खिंचवा ली."

सुर्या ने कहा, "यह मेरे लिए बहुत खास पल है और पूरे भारत के लिए भी. 2023 में जहां हम नहीं जीत पाए थे, उसी स्टेडियम में 2026 में जीत हासिल करना यादगार रहा."

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag