दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, मंदिर और ढाबा थे टारगेट, पुलिस ने 9 आतंकियों को दबोचा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित 'शहजाद भट्टी मॉड्यूल' का बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर, सोनीपत का मशहूर ढाबा और हरियाणा का सैन्य कैंप आतंकियों के निशाने पर थे.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित ‘शहजाद भट्टी मॉड्यूल’ का बड़ा खुलासा करते हुए कई सनसनीखेज जानकारियां सामने रखी हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर, हरियाणा का सैन्य कैंप और सोनीपत का प्रसिद्ध ढाबा आतंकियों के निशाने पर थे.

स्पेशल सेल ने हाल ही में बड़े ऑपरेशन के दौरान इस मॉड्यूल से जुड़े 9 आरोपियों को भारी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कई संवेदनशील स्थानों की रेकी कर उनकी तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स को भेजे थे.

ऐतिहासिक मंदिर पर हमले की साजिश

पूछताछ में खुलासा हुआ कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर यह मॉड्यूल दिल्ली के एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक मंदिर को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था.

जांच एजेंसियों के अनुसार, मॉड्यूल से जुड़े एक आरोपी ने मंदिर परिसर की रेकी की थी और वहां की तस्वीरें व वीडियो पाकिस्तान भेजे थे. आतंकियों की योजना मंदिर की सुरक्षा में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर अंधाधुंध फायरिंग कर बड़े हमले को अंजाम देने की थी.

सोनीपत के मशहूर ढाबे पर भी था खतरा

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक लोकप्रिय ढाबा भी आतंकियों के टारगेट पर था.

बताया गया है कि इस ढाबे पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं और आतंकी यहां हैंड ग्रेनेड हमला कर भारी जनहानि फैलाना चाहते थे.

हरियाणा के सैन्य कैंप की भी हुई थी रेकी

दिल्ली पुलिस की जांच में हिसार स्थित एक सैन्य कैंप का नाम भी सामने आया है. आरोपियों ने इस सैन्य कैंप की रेकी कर उसका वीडियो अपने पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजा था.

इसके अलावा, पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस स्टेशन भी आतंकियों की संभावित टारगेट लिस्ट में शामिल थे.

कई राज्यों में चला था ऑपरेशन

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अभियान के तहत दिल्ली समेत कई राज्यों में कार्रवाई कर पाकिस्तान ISI से जुड़े ‘शहजाद भट्टी मॉड्यूल’ के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया था.

गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं और फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag