टीम इंडिया में सब ठीक नहीं? गौतम गंभीर को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने किया बड़ा दावा

पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने टीम इंडिया के अंदर के माहौल को लेकर चौंकाना वाला बयान दिया है. वासन ने मुख्य कोच गौतम गंभीर की सख्त कोचिंग शैली, खिलाड़ियों की नाराजगी और हालिया बड़े फैसलों को लेकर बड़ी बातें कही हैं.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है, ऐसा दावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने किया है. उन्होंने टीम इंडिया के मौजूदा माहौल को लेकर कई चौंकाने वाले बयान दिए हैं. वासन का कहना है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर की सख्त कार्यशैली और तेज व्यक्तित्व से टीम के सभी खिलाड़ी सहज महसूस नहीं कर रहे. हालांकि भारतीय टीम ने हाल के वर्षों में सीमित ओवर क्रिकेट में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं, लेकिन इसके बावजूद वासन ने ड्रेसिंग रूम के भीतर तनाव की बातें कहीं हैं.

विकी लालवानी के यूट्यूब शो में बातचीत के दौरान अतुल वासन ने दावा किया कि टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी गौतम गंभीर की कार्यशैली से खुश नहीं हैं. उन्होंने कहा कि गंभीर का तरीका काफी सख्त और अनुशासन वाला है, जिसे हर खिलाड़ी आसानी से स्वीकार नहीं कर पाता. वासन ने कहा कि किसी भी टीम में जब एक मजबूत व्यक्तित्व वाला व्यक्ति नेतृत्व करता है, तो खिलाड़ियों के बीच व्यक्तिगत पसंद और नापसंद होना स्वाभाविक है. उन्होंने यह भी कहा कि जब तक टीम जीतती रहती है, तब तक ऐसी बातें ज्यादा सामने नहीं आतीं, लेकिन हार के बाद सवाल उठने शुरू हो जाते हैं.

खिलाड़ियों के असंतोष का किया इशारा

उनके मुताबिक, “हर खिलाड़ी खुश नहीं हो सकता. कुछ खिलाड़ी ऐसे जरूर होंगे जो दबाव महसूस कर रहे हों. अगर नतीजे अच्छे आते रहें तो सब ठीक लगता है, लेकिन हार के बाद वही फैसले आलोचना का कारण बन जाते हैं.” जब वासन से पूछा गया कि क्या वह ऐसे खिलाड़ियों को जानते हैं जो गंभीर के नेतृत्व से असंतुष्ट हैं, तो उन्होंने सीधे नाम लेने से इनकार कर दिया. हालांकि उन्होंने संकेत दिए कि टीम के भीतर कुछ खिलाड़ी खुद को अलग-थलग महसूस कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ी खुलकर कुछ नहीं बोलेंगे, लेकिन अंदरखाने काफी कुछ चल रहा है. वासन के अनुसार, अगर टीम लगातार जीतती रहती है तो कोच के फैसलों को सही मान लिया जाता है, चाहे कुछ खिलाड़ी किनारे ही क्यों न कर दिए जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट एक टीम गेम है और ऐसे माहौल में किसी एक खिलाड़ी की आवाज ज्यादा मायने नहीं रखती. अगर कोच टीम को सफलता दिला देता है, तो अंत में उसी के फैसलों को सही माना जाता है.

वासन और गंभीर के रिश्ते पहले भी रहे विवादों में

अतुल वासन और गौतम गंभीर के बीच पुराने समय से मतभेद की चर्चा होती रही है. जब वासन दिल्ली क्रिकेट में चयनकर्ता की भूमिका में थे, तब गंभीर को दिल्ली टीम की कप्तानी से हटाया गया था. उस समय यह मामला काफी विवादों में रहा था. गंभीर ने बाद में दावा किया था कि उन्हें इस फैसले की सही जानकारी नहीं दी गई थी. तभी से दोनों के रिश्तों में तनाव की बातें सामने आती रही हैं.

गंभीर के कार्यकाल में मिले मिश्रित नतीजे

राहुल द्रविड़ के बाद गौतम गंभीर ने 10 जुलाई 2024 को भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था. उनके कोच बनने के बाद भारत ने सीमित ओवर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और एशिया कप 2025 जीतकर इतिहास रचा.

भारत ऐसा करने वाली पहली टीम बना जिसने इतने बड़े खिताब लगातार अपने नाम किए. लेकिन टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा. भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. इसके अलावा टीम ने 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी ऑस्ट्रेलिया के हाथों गंवा दी.

वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी लिया संन्यास

गंभीर के कोचिंग कार्यकाल में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिले. अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया. इसके कुछ समय बाद मई 2025 में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया. इन दोनों खिलाड़ियों के संन्यास के साथ भारतीय टेस्ट बल्लेबाजी का एक बड़ा दौर समाप्त हो गया. 

इसी बीच रोहित शर्मा को वनडे कप्तानी से भी हटाया गया, जबकि उन्होंने उसी साल भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी. बाद में यह जिम्मेदारी शुभमन गिल को सौंपी गई. इन घटनाओं के बाद से टीम इंडिया के भीतर माहौल और फैसलों को लेकर चर्चाएं लगातार तेज बनी हुई हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag