किस राज्य में होता है बूढ़े और गरीबों पर सबसे ज्यादा अत्याचार? NCRB रिपोर्ट ने कर दिया चौंकाने वाला खुलासा

NCRB 2024 रिपोर्ट के अनुसार, बुजुर्गों और अनुसूचित जनजाति (ST) के खिलाफ अत्याचार के मामलों में मध्य प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है. राज्य में बुजुर्गों के खिलाफ 5,857 और ST के खिलाफ 3,165 मामले दर्ज हुए, जबकि SC के खिलाफ अपराध में दूसरे स्थान पर है.

Sonee Srivastav

भोपाल: नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने साल 2024 की ताजा रिपोर्ट जारी कर दी है. इस रिपोर्ट में देशभर में हुए अपराधों के आंकड़े दिए गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, बुजुर्गों और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार के मामलों में मध्य प्रदेश सबसे ऊपर है. यह आंकड़ा राज्य की कानून व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बना हुआ है.

बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा अत्याचार

NCRB रिपोर्ट के अनुसार, बुजुर्गों के खिलाफ अपराधों में मध्य प्रदेश लगातार दूसरे साल भी नंबर एक पर है. वर्ष 2024 में राज्य में बुजुर्गों के खिलाफ कुल 5,857 मामले दर्ज किए गए. 

टॉप 5 राज्य (बुजुर्गों के खिलाफ अपराध)  

मध्य प्रदेश – 5,857  

महाराष्ट्र – 4,918  
कर्नाटक – 4,247  
तेलंगाना – 2,907  
तमिलनाडु – 1,898

एसटी और एससी पर अत्याचार

अनुसूचित जनजाति (ST) के खिलाफ अपराधों में भी मध्य प्रदेश पूरे देश में पहले स्थान पर है. यहां 3,165 मामले दर्ज हुए. अनुसूचित जाति (SC) के खिलाफ अपराधों में मध्य प्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां 7,765 मामले सामने आए. 

महिलाओं और बच्चों की स्थिति

महिलाओं के खिलाफ अपराधों में दिल्ली देश में नंबर एक पर है. मध्य प्रदेश इस मामले में पांचवें स्थान पर रहा. राज्य में महिलाओं के खिलाफ कुल 32,832 मामले दर्ज हुए. रेप के मामलों में मध्य प्रदेश चौथे स्थान पर है. अच्छी खबर यह है कि बच्चों के खिलाफ अपराधों में कमी आई है. मध्य प्रदेश इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पिछले साल वह पहले स्थान पर था.

क्या कहती है रिपोर्ट?

NCRB के आंकड़े साफ दिखाते हैं कि मध्य प्रदेश में बुजुर्गों, आदिवासियों और दलितों की सुरक्षा को लेकर चुनौतियां बनी हुई हैं. हालांकि राज्य सरकार का दावा है कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. इन आंकड़ों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है. NCRB की यह रिपोर्ट देश के कई राज्यों के लिए सबक देने वाली है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag