ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे! पोप लियो से मुलाकात से पहले ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बड़ा समझौता करीब पहुंच गया है. ट्रंप ने बहुत अच्छा बातचीत का दावा किया है, जबकि ईरान जल्द जवाब दे सकता है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों को लेकर बातचीत तेज हो गई है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब खत्म होने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है. दोनों देशों के बीच पिछले दो महीनों से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक अहम समझौते की संभावना तेज हो गई है. सूत्रों के मुताबिक ईरान गुरुवार को युद्ध खत्म करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर अपना जवाब मध्यस्थों को सौंप सकता है.

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों में अमेरिका और ईरान के बीच  बहुत अच्छा बातचीत हुई हैं. बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच तैयार किया गया प्रस्तावित समझौता युद्ध समाप्त करने और औपचारिक बातचीत शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

14 बिंदुओं वाले समझौते पर बनी सहमति की उम्मीद

सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित समझौता एक पेज और 14 बिंदुओं वाले मेमोरेंडम के रूप में तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य युद्ध खत्म करना और व्यापक समझौते के लिए औपचारिक वार्ता शुरू करना है. इस प्रस्ताव के तहत ईरान परमाणु संवर्धन को अस्थायी रूप से रोक सकता है, जबकि अमेरिका प्रतिबंधों में राहत देने और ईरान की जमी हुई अरबों डॉलर की राशि जारी करने पर विचार कर सकता है. दोनों देशों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लगी पाबंदियों को भी कम किए जाने की संभावना जताई गई है.

ट्रंप बोले कब खत्म होगा ऑपरेशन

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर ईरान प्रस्तावित शर्तों पर समझौते को स्वीकार कर लेता है तो पहले से ही प्रसिद्ध एपिक फ्यूरी ऑपरेशन समाप्त कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सभी के लिए खोल दिया जाएगा. ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तेहरान इस प्रस्ताव को नहीं मानता है तो बमबारी शुरू हो जाती है, और दुर्भाग्य से, यह पहले की तुलना में कहीं अधिक उच्च स्तर और तीव्रता की होगी.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अब भी तनाव बरकरार

दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिलहाल अमेरिका और ईरान की नाकेबंदी के बीच फंसा हुआ है. ट्रंप ने बुधवार को अपने नए मिशन प्रोजेक्ट फ्रीडम को रोक दिया, जिसे लागू किए जाने के बाद होर्मुज क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था. इसी बीच इमैनुएल मैक्रों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तुरंत खोलने की मांग की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बातचीत की और क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता जताई. मैक्रों ने यूएई के नागरिक ढांचे और व्यावसायिक जहाजों पर कथित हमलों को लेकर भी चिंता व्यक्त की.

चीन के समर्थन की तलाश में ईरान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुधवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात की. बीजिंग में हुई इस बैठक में चीन ने ईरान को बातचीत के दौरान समर्थन जारी रखने का भरोसा दिया. ईरान ने कहा कि वह मौजूदा तनाव का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है और अमेरिका के साथ निष्पक्ष समझौते के पक्ष में है, लेकिन अपनी संप्रभुता से कोई समझौता नहीं करेगा.

इस दौरे का एक बड़ा उद्देश्य चीन और ईरान के संबंधों को मजबूत करना भी माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात की चर्चा तेज है. ईरान ने चीन से कूटनीतिक और आर्थिक समर्थन जारी रखने का भरोसा भी मांगा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag