चेन्नई ने मुंबई को 8 विकेट से हराया, गायकवाड़ ने ठोका अर्धशतक, MI के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म

चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस पर दूसरी बार जीत दर्ज कर 'डबल' पूरा कर लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में CSK ने MI को 8 विकेट से हराया।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस पर दूसरी बार जीत दर्ज कर 'डबल' पूरा कर लिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में CSK ने MI को 8 विकेट से हराया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की 67 रनों की शानदार पारी के दम पर चेन्नई ने 160 रन का लक्ष्य 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ CSK के 10 अंक हो गए हैं, जबकि मुंबई टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है।

टॉस जीतकर भी फंसी मुंबई 

आपको बताते चलें कि इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही। CSK के गेंदबाजों ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और लगातार विकेट चटकाए। MI का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। 

नमन धीर ने जरूर 37 गेंदों में 57 रन बनाए और टीम के टॉप स्कोरर रहे। लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या 23 गेंदों में सिर्फ 18 रन बनाकर संघर्ष करते दिखे। उनकी धीमी बल्लेबाजी ने MI की परेशानी बढ़ा दी। सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे बड़े नाम भी फ्लॉप रहे। 

वानखेड़े की पिच पर पावरप्ले में रिकेटन और धीर ने कुछ आक्रामक शॉट खेले, मगर चेन्नई के गेंदबाजों ने जल्द ही मैच पर पकड़ बना ली। विल जैक्स का एक शानदार कैच लेकर आउट होना भी टर्निंग पॉइंट रहा। मुंबई 20 ओवर में 159/7 का मामूली स्कोर ही बना पाई।

नूर-कंबोज की जोड़ी ने बिखेरी MI की गिल्लियां   

CSK के लिए गेंदबाजी में अंशुल कंबोज सबसे कामयाब रहे। उन्होंने 32 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं स्पिनर नूर अहमद ने फिर अपना जलवा दिखाया। नूर ने 4 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 2 अहम विकेट लिए। चेन्नई की पूरी गेंदबाजी यूनिट अनुशासित दिखी। उन्होंने MI के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया। शुरुआती विकेट निकालकर उन्होंने मुंबई पर लगातार दबाव बनाए रखा।

गायकवाड़ ने आलोचकों को दिया जवाब 

दरअसल 160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी CSK को संजू सैमसन के रूप में जल्दी झटका लगा। लेकिन कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने एक छोर संभाल लिया। गायकवाड़ ने 48 गेंदों में 67 रन की संयमित पारी खेली। इस अर्धशतक के साथ उन्होंने अपनी फॉर्म पर उठ रहे सवालों का भी जवाब दे दिया।

कप्तान गायकवाड़ को उर्विल पटेल का साथ मिला, जिन्होंने 12 गेंदों में तेज 24 रन बनाए। इसके बाद कार्तिक शर्मा ने मोर्चा संभाला। कार्तिक ने 40 गेंदों में 54 रन की नाबाद पारी खेलकर मैच CSK की झोली में डाल दिया। दोनों ने मिलकर मुंबई के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

MI के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म   

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज छोटे स्कोर का बचाव नहीं कर पाए। उनके पास विकेट लेने की वो धार नजर नहीं आई जो 160 रन बचाने के लिए जरूरी थी। CSK ने बिना किसी परेशानी के 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। 

गौरतलब है कि इस हार के बाद MI लगभग टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। वहीं CSK ने प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। गायकवाड़ की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से चेन्नई ने मुंबई को उसी के घर में शिकस्त दी।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag